पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में 5 घंटे बंद रहेंगे कपाट, जानें क्या है वजह

गुरुवार, 25 जून 2026 को भगवान जगन्नाथ और देवी रुक्मिणी के विवाह उत्सव के चलते भक्तों के लिए दर्शन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।

दर्शन में रहेगा अस्थायी बदलाव

पुरी स्थित प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर जाने वाले भक्तों के लिए एक जरूरी सूचना है। मंदिर प्रशासन ने घोषणा की है कि 25 जून 2026, गुरुवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के चलते श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार 5 घंटे तक बंद रखे जाएंगे। इस दौरान भक्त गर्भगृह में दर्शन नहीं कर पाएंगे।

रुक्मिणी हरण और विवाह उत्सव का आयोजन

इस दिन मंदिर में रुक्मिणी हरण और विवाह उत्सव की परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण और देवी रुक्मिणी के दिव्य विवाह से जुड़ी ये रस्में पूरी की जाती हैं। यह आयोजन मंदिर की प्राचीन परंपराओं में से एक है, जिसे देखने के लिए भक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ती है।

दर्शन का नया समय

मंदिर प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रथम भोग मंडप की पूजा के उपरांत दोपहर 1:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन आम जनता के लिए पूर्णतः बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन विशेष नीतियों के सुचारु संचालन के लिए ही यह निर्णय लिया गया है।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष सलाह

जो श्रद्धालु 25 जून को दर्शन के लिए पुरी जाने की योजना बना रहे हैं, उन्हें मंदिर प्रबंधन ने सलाह दी है कि वे अपने दर्शन कार्यक्रम को सुबह के समय ही पूरा कर लें। इससे उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि धार्मिक आयोजन की पवित्रता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भक्तों का सहयोग अनिवार्य है।

https://www.indiatv.in/india/national/puri-shri-jagannath-temple-door-close-for-5-hours-on-thursday-lord-jagannath-abduct-goddess-rukmini-2026-06-25-1227252