भारत और अफगानिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज की शुरुआत होने वाली है। सबसे पहले 6 जून से टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा, जबकि इसके बाद 13 जून से तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज होगा। इसके लिए बीसीसीआई पहले ही टीम इंडिया की घोषणा कर चुका है। इसी दौरान एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की चोट की वजह से इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।
कोहली और प्रशंसकों को लगा बड़ा झटका
लंबे अंतराल के बाद विराट कोहली एक बार फिर टीम इंडिया के लिए मैदान पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन यह खबर खुद उनके और उनके चाहने वालों के लिए बड़ा झटका साबित हुई है। अब वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं रहेंगे। कुछ ही दिन पहले तक कोहली आईपीएल में आरसीबी की ओर से खेल रहे थे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए फाइनल में उन्होंने शानदार पारी खेली थी और छक्का जड़कर अपनी टीम को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
रिप्लेसमेंट का अभी ऐलान नहीं
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते कोहली वनडे सीरीज से बाहर हैं। उनकी गैरमौजूदगी से इस सीरीज की चमक निश्चित रूप से कुछ फीकी पड़ जाएगी। भले ही भारत के पूर्व कप्तान अब सिर्फ एक फॉर्मेट के खिलाड़ी रह गए हैं, फिर भी दुनिया भर के दर्शकों के लिए वह सबसे बड़े आकर्षण बने हुए हैं। फिलहाल उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल नहीं किया गया है।
आईपीएल के बाद वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे कोहली
आईपीएल समाप्त होने के बाद कोहली अहमदाबाद से सीधे आगरा पहुंचे और वहां से वृंदावन गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी मौजूद थीं तथा दोनों प्रेमानंद महाराज के दरबार में पहुंचे थे। इससे जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे। कोहली और अनुष्का चेहरे पर मास्क लगाकर वहां पहुंचे थे, ताकि ज्यादा लोग उन्हें पहचान न सकें। माना जा रहा था कि कोहली वनडे सीरीज से पहले प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए वहां गए थे, लेकिन अब आई इस खबर ने प्रशंसकों को निराश कर दिया है।
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेट-कीपर), ईशान किशन (विकेट-कीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/virat-kohli-ruled-out-of-the-afghanistan-odi-series-due-to-hamstring-injury-2026-06-04-1222929