मुंबई में म्यूजिक कंपोजर के खिलाफ FIR
मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर आदित्य राम शंकर के खिलाफ मुंबई के जुहू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
शादी के नाम पर दिया धोखा
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात आदित्य राम शंकर से एक साल पहले हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और इसके बाद आदित्य उसे मुंबई के जुहू स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आदित्य ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने बहाने बनाना शुरू कर दिया।
जाति का हवाला देकर किया इनकार
शिकायत के मुताबिक, 25 मई को जब पीड़िता ने आदित्य और उसके परिवार से शादी को लेकर सवाल किया, तो उसने साफ इनकार कर दिया। आरोपी ने तर्क दिया कि पीड़िता उसकी जाति की नहीं है, इसलिए वे शादी नहीं कर सकते। इसके बाद पीड़िता को यह एहसास हुआ कि उसके साथ शादी का झूठा वादा करके धोखा किया गया है। अब पीड़िता ने कानून से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इंडस्ट्री में एक और मामला
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ा यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 26 मई को फिल्म 'धुरंधर' के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोहरे के खिलाफ भी चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाने में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ था। सैनी पर आरोप था कि उन्होंने काम के बहाने एक महिला को फाइव-स्टार होटल में बुलाया और उसके साथ नशीला पदार्थ देकर दुर्व्यवहार किया। उस मामले में इंटरनल कमेटी द्वारा दोषी पाए जाने के बाद प्रोडक्शन हाउस ने उनका नाम फिल्म के क्रेडिट्स से हटा दिया था।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood-mumbai-police-register-fir-against-music-composer-aditya-ram-shankar-for-sexual-exploitation-ws-ln-10601232.html