मालवीय नगर अग्निकांड के बाद लखनऊ अलर्ट, 290 होटलों का होगा सेफ्टी ऑडिट, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

दिल्ली के मालवीय नगर में होटल अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण 15 दिनों में 290 होटलों की सुरक्षा जांच कराएगा।

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में 20 से अधिक लोगों की जान चली गई, जिसके बाद दूसरे राज्यों की सरकारें भी होटलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ा कदम उठाया गया है।

15 दिनों में पूरा होगा सेफ्टी ऑडिट

लखनऊ विकास प्राधिकरण अब शहर के 290 होटलों की सुरक्षा जांच कराएगा। तय किया गया है कि सभी होटलों का सेफ्टी ऑडिट अगले 15 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। मालवीय नगर अग्निकांड के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए यह फैसला लिया है। इस काम के लिए पुलिस, पीडब्ल्यूडी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम लगाई गई है, जिसने होटल सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

फाइव स्टार होटल में पहुंचे अधिकारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद फायर अधिकारी विभिन्न होटलों, रेस्तरां और ऊंची इमारतों में फायर सेफ्टी की जांच कर रहे हैं। इसी दौरान फायर अधिकारी एक पांच सितारा होटल में पहुंचे और वहां फायर सेफ्टी का मॉक ड्रिल किया। जांच में पाया गया कि इस होटल में पानी का प्रेशर कम है। इसके चलते होटल को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर सभी खामियां दूर करने को कहा गया है।

सीएम योगी ने जारी किए सख्त आदेश

मालवीय नगर की घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस विभागों, पीडब्ल्यूडी और अग्निशमन विभागों समेत कई अन्य विभागों के अधिकारियों को आदेश दिया है।

सभी ऊंची इमारतों, दफ्तरों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया जाए और अग्निशमन सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत बनाया जाए। सभी होटलों का विशेष सुरक्षा निरीक्षण कर एक ऑडिट रिपोर्ट जमा की जाए।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक

मालवीय नगर हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है और वह अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताते हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

12 विदेशी नागरिकों सहित 21 की मौत

उल्लेखनीय है कि दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की एक तंग गली में बिना अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के संचालित किए जा रहे एक होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं। मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी, जो देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। आग लगने के समय इमारत में कई लोग सो रहे थे। कई स्थानीय लोगों समेत बचावकर्मी पांच मंजिला संकरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे।

मौत का जाल बनी इमारत

अधिकारियों के अनुसार, इमारत में प्रवेश और निकास का केवल एक ही द्वार था, खिड़कियां स्थायी रूप से सील थीं और मुख्य द्वार सेंसर से संचालित होता था। इन सभी कारणों ने मिलकर इमारत को एक तरह से मौत का जाल बना दिया था। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 58 लोगों को होटल से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में 9 भारतीय शामिल हैं।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-malviya-nagar-hotel-fire-accident-lucknow-development-authority-will-do-safety-audit-of-hotel-cm-yogi-adityanath-10538812.html