फर्जीवाड़े की भेंट चढ़ी सड़क
टोंक जिले के देवगंज गांव में भ्रष्टाचार की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां सड़क निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का बजट कागजों में तो खर्च दिखा दिया गया, लेकिन हकीकत में सड़क का कहीं अता-पता नहीं है। इस फर्जीवाड़े का शिकार होकर एक बुजुर्ग महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अब नाजुक हालत में इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया है।
तीन साल से जारी है संघर्ष
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले तीन साल से इस कथित मस्टरोल घोटाले के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं और अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर भी चढ़ गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी रिकॉर्ड में यह सड़क पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुकी है, जबकि धरातल पर निर्माण कार्य कभी हुआ ही नहीं।
जांच के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
इस पूरे मामले की शिकायत कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर से भी लिखित में की गई थी। विभागीय जांच में पंचायत के अधिकारी दोषी भी पाए गए, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों की इस चुप्पी और लापरवाही ने ग्रामीणों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। अब देखना यह है कि बुजुर्ग महिला के साथ हुए इस हादसे के बाद प्रशासन मामले में क्या कदम उठाता है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/tonk-tonk-devganj-village-road-construction-corruption-fake-muster-roll-accident-10600893.html