लखनऊ में फर्जी आईपीएस बनकर महिला दारोगा को धमकाने वाला बीबीए छात्र गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बीबीए छात्र ने खुद को पटना का आईजी बताकर महिला दारोगा को डराने-धमकाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

लखनऊ पुलिस ने एक ऐसे युवक को दबोचा है जिसने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर एक महिला दारोगा को न केवल परेशान किया, बल्कि उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी। काकोरी पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अभिषेक उपाध्याय के रूप में हुई है, जो जौनपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में बीबीए का छात्र है।

खुद को बताता था आईजी

पुलिस के अनुसार, यह छात्र लगातार फोन और मैसेज के जरिए महिला दारोगा पर दबाव बना रहा था। आरोपी कभी खुद को पटना का आईजी तो कभी प्रयागराज का एसपी सिटी बताकर रौब झाड़ता था। आरोपी का मुख्य मकसद महिला दारोगा को एक पुराने मामले में समझौता करने के लिए मजबूर करना था। उसने धमकी दी थी कि अगर सुलह नहीं की गई, तो वह उसे नौकरी से निलंबित करवा देगा।

पीड़ित दारोगा का पारिवारिक विवाद

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पीड़ित महिला दारोगा ने अपने ससुर और पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जहर देकर मारने की कोशिश की। वहीं, पति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप है। इसी मुकदमे में विपक्षियों का साथ देते हुए अभिषेक उपाध्याय फर्जी अफसर बनकर महिला दारोगा को डरा रहा था।

सर्विलांस की मदद से हुई गिरफ्तारी

महिला दारोगा की शिकायत पर काकोरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी का मोबाइल नंबर ट्रेस किया। इसके बाद आरोपी को बीबीडी थाना क्षेत्र के आरजेडी लॉन भैसोरा से गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-police-caught-fake-ips-officer-bba-student-who-give-threat-to-sub-inspector-woman-10600822.html