जान बचाने को दौड़ता रहा शख्स, पीछे से गोलियां दागते रहे हमलावर— पंचकूला का सीसीटीवी कर देगा हैरान

पंचकूला के सेक्टर-5 में क्लब के बाहर देर रात हुई फायरिंग का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति भागता दिख रहा है और दो हमलावर उस पर गोलियां बरसा रहे हैं। निशाने पर रहे भाजपा पार्षद के देवर रतन लुबाना बाल-बाल बच गए।

पंचकूला से सामने आई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। शहर के पॉश माने जाने वाले सेक्टर-5 में देर रात एक क्लब के बाहर हुई अंधाधुंध फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज इस समय हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए दौड़ रहा है, जबकि उसके पीछे दो हमलावर लगातार गोलियां चला रहे हैं। यह पूरा दृश्य किसी फिल्म के सीन जैसा प्रतीत होता है।

किस पर थी हमलावरों की नजर

मिली जानकारी के अनुसार, गोलीबारी का निशाना वार्ड नंबर-1 की भाजपा पार्षद के देवर रतन लुबाना थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने मौके पर करीब आठ राउंड फायरिंग की। हालांकि, इस हमले में रतन लुबाना बाल-बाल बच गए। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

गैंगस्टर गिरोह का नाम सामने

सूत्रों के मुताबिक इस हमले के पीछे गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि रतन लुबाना को इससे पहले भी कथित तौर पर फिरौती की धमकियां मिल चुकी थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रकम नहीं देने की वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से छानबीन कर रही है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जांच और तेज कर दी गई है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

https://hindi.news18.com/videos/haryana/panchkula-shooting-cctv-video-gunmen-chase-man-open-fire-10538910.html