छत्तीसगढ़: पत्नी से विवाद के बाद CRPF जवान ने की खुदकुशी, जम्मू-कश्मीर में था तैनात

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में छुट्टी पर आए सीआरपीएफ जवान ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने जवान की पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

गांव में पसरा मातम

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के अंतर्गत आने वाले कुंदीकला गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां CRPF के एक जवान ने आम के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक जवान की पहचान राजाराम प्रजापति के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर में अपनी सेवाएं दे रहे थे और हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गृह ग्राम आए थे।

परिजनों के गंभीर आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय जवान का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह घर से बाहर निकल गए और आम के पेड़ से फंदा बनाकर लटक गए। जब जवान की मां ने उन्हें फंदे पर झूलते देखा, तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहले भी सामने आ चुकी है परेशानी

मृतक के भाई सुकुमार प्रजापति ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जवान की शादीशुदा जिंदगी में लंबे समय से तनाव चल रहा था और आए दिन उनके बीच झगड़े होते थे। उन्होंने यह भी बताया कि साल 2025 में भी जवान ने आत्महत्या का प्रयास किया था, उस समय उन्होंने कीटनाशक का सेवन कर लिया था और एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे।

पुलिस जांच में जुटी

परिजनों का आरोप है कि जवान को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस दुखद मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की सही वजह का पता लगाया जा सके। मृतक जवान की भर्ती साल 2020 में हुई थी।

https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/surguja-crpf-jawan-takes-drastic-step-after-quarrel-with-wife-was-posted-in-jammu-kashmir-local18-10600716.html