फोन में इन लाइटों का होना है जरूरी
आजकल के स्मार्टफोन में प्राइवेसी सुरक्षा को लेकर कंपनियां काफी गंभीर हो गई हैं। स्मार्टफोन की स्क्रीन पर अक्सर आपको ऊपर की ओर छोटे बिंदु दिखाई देते हैं जो अलग-अलग रंगों के हो सकते हैं। कई लोग इसे फोन की खराबी समझकर घबरा जाते हैं, लेकिन असल में ये आपकी सुरक्षा के लिए दिए गए प्राइवेसी इंडिकेटर हैं। एंड्रॉइड और आईओएस दोनों ही ऑपरेटिंग सिस्टम में ये फीचर मौजूद है, जिससे यूजर को पता चलता रहे कि बैकग्राउंड में कौन सा ऐप क्या डेटा ले रहा है।
रंगों के हिसाब से समझें इनका काम
ये रंगीन डॉट्स यह बताने का काम करते हैं कि आपके फोन का कौन सा हार्डवेयर सक्रिय है। मुख्य रूप से ये दो रंग सबसे ज्यादा दिखाई देते हैं:
- ग्रीन डॉट (हरा): जब आपके फोन की स्क्रीन पर हरा बिंदु दिखाई दे, तो इसका सीधा अर्थ है कि कोई ऐप आपके कैमरा का उपयोग कर रहा है। यह अक्सर तब दिखता है जब आप वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम या स्नैपचैट जैसे ऐप्स पर वीडियो कॉल करते हैं या फोटो खींचते हैं।
- ऑरेंज डॉट (नारंगी): अगर स्क्रीन पर ऑरेंज रंग का बिंदु दिखाई दे, तो यह इस बात का संकेत है कि कोई ऐप आपके माइक्रोफोन को एक्सेस कर रहा है और आपकी आवाज सुन रहा है।
क्यों जरूरी है ये फीचर
डिजिटल दौर में आपकी निजता सबसे महत्वपूर्ण है। ये इंडिकेटर्स आपको यह जानने में मदद करते हैं कि क्या कोई ऐप आपकी जानकारी के बिना कैमरा या माइक का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा है। अगर आपने कोई भी ऐप ओपन नहीं किया है और फिर भी ये लाइटें जल रही हैं, तो आप तुरंत समझ सकते हैं कि कोई संदिग्ध ऐप आपकी जासूसी करने की कोशिश कर रहा है। ऐसी स्थिति में आप तुरंत उस ऐप की परमिशन चेक कर सकते हैं या उसे फोन से हटा सकते हैं।
https://hindi.news18.com/news/tech/diy-smartphone-screen-green-orange-yellow-dot-meaning-privacy-alert-sushant-sinha-desh-ki-pathshala-ws-el-10600402.html