पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की हत्या की साजिश? इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद पर लगे गंभीर आरोप

ब्राजील के एक पत्रकार ने दावा किया है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मोसाद को पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की हत्या का आदेश दिया था, हालांकि पाकिस्तान ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है।

क्या स्विट्जरलैंड दौरे पर थी जान का खतरा

स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता के दौरान पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उनके प्रतिनिधिमंडल को निशाना बनाने की एक कथित साजिश का सनसनीखेज दावा सामने आया है। ब्राजील के प्रसिद्ध पत्रकार पेपे एस्कोबार ने एक पॉडकास्ट के दौरान आरोप लगाया है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने खुफिया एजेंसी मोसाद को आसिम मुनीर की हत्या का सीधा आदेश दिया था।

साजिश का खुलासा और पाकिस्तान का कड़ा रुख

पेपे एस्कोबार के अनुसार, यह साजिश उस समय रची गई थी जब पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल बर्गनस्टॉक रिसॉर्ट में मौजूद था। पत्रकार का दावा है कि पाकिस्तानी सेना को बहुत ही पुख्ता जानकारी मिली थी कि मोसाद उनके सेना प्रमुख और पूरे डेलिगेशन को खत्म करने की योजना बना रहा है। दावा यह भी है कि इस खतरे का पता चलते ही पाकिस्तान ने ओमान के माध्यम से इजरायल को कड़ा संदेश भेजा था, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि यदि उनके प्रतिनिधिमंडल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावे को नकारा

हालांकि, इस दावे के वायरल होने के बाद पाकिस्तानी प्रशासन ने इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया है। एआरवाई न्यूज के चेयरमैन कामरां खान के हवाले से जानकारी दी गई है कि एक वरिष्ठ पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारी ने इस रिपोर्ट को बकवास और मनगढ़ंत कहानी करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का स्विट्जरलैंड दौरा पूरी तरह से सुरक्षित और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ। स्विस या अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर कोई भी चिंता जाहिर नहीं की गई थी।

https://hindi.news18.com/world/pakistan-mossad-planned-to-kill-pakistan-army-chief-asim-munir-netanyahu-ordered-brazilian-journalist-claim-10600403.html