26 साल पहले 430 रुपये में दान की गई जमीन, अब 95 करोड़ में बिकी: अमेरिका में मचा बवाल

अमेरिका के टेक्सास में जमीन के एक टुकड़े को लेकर कानूनी विवाद छिड़ गया है। 1999 में पार्क बनाने के लिए दान की गई जमीन को अब डेटा सेंटर बनाने के लिए 95 करोड़ रुपये में बेच दिया गया है।

पार्क के वादे के साथ दान की थी जमीन

अमेरिका के टेक्सास राज्य के टेलर शहर में जमीन का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। साल 1999 में टी.जे. ब्लैंड के परिवार ने लगभग 88 एकड़ जमीन सिर्फ 10 डॉलर में दान की थी, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 430 रुपये होती है। उस समय यह जमीन इस शर्त के साथ दी गई थी कि इस पर सिर्फ पार्क बनाया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियां इसका आनंद ले सकें।

कई हाथों से गुजरी जमीन

यह जमीन समय के साथ कई संस्थाओं के बीच हस्तांतरित होती रही। सबसे पहले इसे टेक्सास पार्क्स एंड रिक्रिएशन फाउंडेशन को सौंपा गया, जिसके बाद यह टेलर शहर के अधिकार में आ गई। साल 2008 में टेलर शहर ने इस जमीन को टेलर इकोनॉमिक डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन को 14 लाख रुपये के मूल्य पर बेच दिया।

95 करोड़ रुपये में हुआ सौदा

विवाद की मुख्य वजह साल 2025 में सामने आई, जब टेलर इकोनॉमिक डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने इस जमीन को डेटा सेंटर विकसित करने वाली कंपनी ब्लूप्रिंट को 1 करोड़ डॉलर यानी 95 करोड़ रुपये में बेच दिया। ब्लूप्रिंट की योजना यहां 1.35 लाख वर्ग फुट में एक विशाल डेटा सेंटर बनाने की है, जहाँ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड कंप्यूटिंग के लिए सर्वर लगाए जाएंगे।

स्थानीय लोगों का विरोध और प्रशासन का तर्क

जमीन की बिक्री के बाद स्थानीय निवासियों ने तीखा विरोध जताया है। उनका कहना है कि जिस जमीन को पार्क के लिए दान किया गया था, उसे व्यापारिक उपयोग में नहीं बदला जाना चाहिए। निवासियों को इलाके में शोर, पानी और बिजली की अधिक खपत को लेकर चिंता है। वहीं, नगर प्रशासन का दावा है कि यह प्रोजेक्ट अगले 10 सालों में करीब 3 करोड़ डॉलर का टैक्स राजस्व पैदा करेगा, जिसमें से 2 करोड़ डॉलर स्कूलों को मिलेंगे।

अदालत की दहलीज पर मामला

अब यह मामला न्यायपालिका तक पहुँच गया है। अदालत को यह तय करना है कि क्या जमीन दान करते समय लगाई गई पार्क बनाने की शर्त आज भी कानूनी रूप से मान्य है। इस फैसले का असर भविष्य में अमेरिका में दान की गई जमीनों से जुड़े अनुबंधों और शर्तों पर भी पड़ सकता है।

https://hindi.news18.com/world/america-land-donated-for-430-sold-for-95-crore-for-data-center-and-people-in-us-have-moved-court-10600141.html