आवेदन की समय सीमा और प्रक्रिया
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 12वीं स्तर की कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी सीईटी 2026 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 24 जून 2026 से शुरू कर दी है। जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे अपना आवेदन 23 जुलाई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को राजस्थान के एसएसओ पोर्टल पर जाना होगा। यदि आप नए उपयोगकर्ता हैं, तो पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए एक बार निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य है। आवेदन फॉर्म भरते समय अपने शरीर पर किसी स्पष्ट पहचान चिह्न की जानकारी देना आवश्यक है।
पात्रता और आयु सीमा
इस परीक्षा के लिए शैक्षणिक योग्यता सीनियर सेकेंडरी यानी 12वीं कक्षा या इसके समकक्ष रखी गई है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के लिए आयु सीमा में विशेष छूट का प्रावधान है। राजस्थान के सामान्य वर्ग की महिलाओं और आरक्षित वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु में 10 वर्ष की छूट का लाभ मिलेगा।
आवेदन शुल्क का विवरण
श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का विवरण इस प्रकार है:
- सामान्य वर्ग, क्रीमी लेयर ओबीसी और एमबीसी श्रेणी के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये है।
- राजस्थान के नॉन क्रीमी लेयर ओबीसी, एमबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 400 रुपये तय किया गया है।
- अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी के अंतर्गत माना जाएगा और उन्हें 600 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा।
किन पदों पर होगी भर्ती
राजस्थान सीईटी 12वीं लेवल के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें मुख्य रूप से वनपाल, छात्रावास अधीक्षक, जमादार ग्रेड-II, कांस्टेबल, लिपिक और जूनियर असिस्टेंट के पद शामिल हैं। ये भर्तियां राजस्थान पुलिस, आबकारी विभाग, राजस्थान लोक सेवा आयोग, राजस्थान सचिवालय और अन्य अधीनस्थ सेवाओं में की जाएंगी। यह परीक्षा विभिन्न सरकारी भर्तियों के लिए एक अनिवार्य स्क्रीनिंग टेस्ट के रूप में कार्य करेगी।
https://hindi.news18.com/news/career/jobs-rajasthan-cet-2026-12th-level-application-begins-apply-on-sso-portal-check-eligibility-and-govt-jobs-list-10600293.html