केतन अग्रवाल हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे
पुणे में रियल स्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में केतन की मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी, जिसके चलते उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
सावधान स्वभाव के थे केतन
पुलिस के अनुसार, केतन का स्वभाव बेहद सतर्क था और वह कभी भी जोखिम भरे काम नहीं करते थे। उनके परिवार ने बताया कि ट्रैकिंग के दौरान केतन हमेशा 10 से 20 फीट की दूरी बनाए रखते थे। यहाँ तक कि गोवा की यात्रा में भी उन्होंने समुद्र के गहरे पानी में जाने से परहेज किया था। परिवार के इन बयानों से पुलिस को यह संदेह हुआ कि केतन का खुद किसी खतरनाक जगह से गिरना सामान्य घटना नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला साजिश का जाल
जांच के दौरान पुलिस ने 18 जून की सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक हुडी और हेडफोन पहने दिखाई दिया। उस दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, ऐसे में हुडी पहने युवक का घूमना पुलिस को संदिग्ध लगा। आगे की जांच में दिखा कि वह हुडी वाला युवक चेतन चौधरी था, जो सिया के साथ इशारेबाजी कर रहा था। सिया ने पहले भी 19 जून से पहले केतन को मारने की दो बार कोशिश की थी।
सिया का इमोशनल ड्रामा और साजिश
परिवार ने बताया कि सिया लोहगढ़ जाने के लिए जिद करती थी। 4 जून को जब केतन वहां नहीं जा पाया, तो सिया बहुत रोई थी और उसने केतन पर दबाव बनाया था। इसी दबाव के कारण केतन की मां ने उसे 14 जून को जाने की अनुमति दी। हत्या के दिन, साजिश के तहत सिया ने थकने का बहाना बनाकर बैठने का नाटक किया। यह एक संकेत था, जिसके मिलते ही केतन के पीछे खड़े चेतन ने उसे 400 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया।
पुलिस की गहन जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केतन की बहन संजना से भी 8 से 9 घंटे तक पूछताछ की। घटनास्थल के मुआयने और सीसीटीवी साक्ष्यों के बाद पुलिस को यकीन हो गया कि यह एक सोची-समझी हत्या थी। फिलहाल, पुलिस सभी तकनीकी और परिस्थितिजन्य सबूतों को जुटाने में लगी हुई है।
https://www.indiatv.in/maharashtra/pune-ketan-agarwal-murder-case-fiance-siya-have-cried-to-visit-lohagarh-fort-then-killed-him-shocking-revelations-in-police-investigation-2026-06-24-1227144