बंबर ठाकुर पर फायरिंग का आरोपी शार्प शूटर पुलिस हिरासत से फरार, दो कांस्टेबल सस्पेंड

हिमाचल के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने वाला शार्प शूटर अमन उर्फ काकू टिकरी बार्डर के पास पुलिस हिरासत से भाग निकला, जिसके बाद बिलासपुर के एसपी ने दो पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोलियां बरसाने वाला शार्प शूटर पुलिस की हिरासत से फरार हो गया है। इस चूक के बाद बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने दो पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

कैसे हुआ फरार

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर सदर से कांग्रेस के विधायक रहे बंबर ठाकुर पर शार्प शूटर अमन उर्फ काकू ने गोलियां चलाई थीं और लंबे समय की मशक्कत के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब रही थी। हाल ही में यह आरोपी दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित टिकरी बार्डर के नजदीक पुलिस को चकमा देकर हिरासत से भाग निकला।

बताया जा रहा है कि बिलासपुर पुलिस की टीम अमन को किसी मामले में पेशी के लिए दिल्ली ले गई थी। इसके बाद उसे एचआरटीसी की बस में बैठाकर वापस बिलासपुर लाया जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही बस टिकरी बार्डर के पास रुकी, आरोपी ने पुलिसकर्मियों की पकड़ से अपना हाथ छुड़ाया और फरार हो गया। पुलिस जवानों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर निकल भागा।

होली के दिन हुई थी फायरिंग

हिमाचल में बीते साल 14 मार्च को बिलासपुर में सदर विधायक रहे बंबर ठाकुर पर गोलियां चलाई गई थीं। आरोप है कि शूटर अमन गैंगस्टर भाऊ गैंग का सदस्य है। 14 मार्च 2025 को होली के दिन अमन और उसके तीन साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में बंबर ठाकुर और उनके पीएसओ संजीव घायल हो गए थे।

आठ महीने बाद हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस और खुफिया एजेंसियों की लगातार कोशिशों के बाद आरोपी को इस साल करीब फरवरी में, यानी घटना के 8 महीने बाद गिरफ्तार किया गया था। बंबर ठाकुर पर हुए इस गोलीकांड का वीडियो भी सामने आया था। आरोपी अमन को रोहतक से पकड़ा गया था और वह हरियाणा की भाऊ गैंग का शार्प शूटर बताया जाता है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/bilaspur-hp-former-mla-bambar-thakur-firing-sharp-shooter-escapes-from-police-custody-2-jawan-suspended-local18-ws-l-10538235.html