घटना ने इलाके में फैलाई सनसनी
खरगोन जिले के जैतापुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ माता चौक निवासी 24 वर्षीय राज कुशवाहा ने अपने घर पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मालिक के दबाव और प्रताड़ना का आरोप
मृतक के पिता गजेन्द्र सिंह कुशवाह और चाचा राजेन्द्र सिंह कुशवाह ने वाहन मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, राज एक चार पहिया वाहन की देखरेख और धुलाई का काम करता था। आरोप है कि मालिक न केवल उसे समय पर वेतन नहीं दे रहा था, बल्कि उस पर मानसिक दबाव भी बना रहा था।
बीमा क्लेम मिलने के बाद भी वसूली का खेल
परिजनों का दावा है कि वाहन के साथ हुई एक दुर्घटना के बाद उसका बीमा क्लेम भी मिल चुका था। इसके बावजूद, वाहन मालिक सोहन महाजन, जो पेशे से एक सराफा कारोबारी और सखी ज्वेलर्स के संचालक हैं, राज पर पांच लाख रुपये देने का दबाव डाल रहे थे।
गाली-गलौज से टूट गया था राज
परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले गाड़ी धोते समय उसका पहिया नाली में उतर गया था। इस छोटी सी बात पर मालिक ने राज के साथ अभद्रता की और उसे जमकर धमकाया। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के चलते राज गहरे अवसाद में चला गया था, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
न्याय की मांग
पीड़ित परिवार ने अब सोहन महाजन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/khargone-4-year-old-raj-committed-suicide-by-hanging-local18-10599068.html