तारातला में मची अफरातफरी
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक गिर गई, जिससे भीषण हादसा हो गया। यह घटना बुधवार की है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय इमारत की पहली मंजिल पर छत ढालने का काम चल रहा था। तभी लोहे का ढांचा भरभरा कर गिर पड़ा। खबर है कि 40 से ज्यादा लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों ने अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
बचाव अभियान में जुटी सेना और दमकल विभाग
मौके पर स्थिति गंभीर बनी हुई है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना और दमकल विभाग के जवान लगातार काम कर रहे हैं। बचाव कर्मी गैस कटर की मदद से लोहे के भारी स्ट्रक्चर और मलबे को काटकर रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का आपदा प्रबंधन समूह भी मौके पर मौजूद है और अतिरिक्त टीमों को सहायता के लिए बुलाया गया है।
काम के दौरान गिरी लोहे की बीम और कंक्रीट
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर उस वक्त काफी संख्या में मजदूर काम में व्यस्त थे। छत का भारी-भरकम ढांचा और कंक्रीट का मलबा सीधे मजदूरों के ऊपर गिरा। एक वायरल वीडियो में घटनास्थल का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसमें लोग मदद के लिए गुहार लगाते और भारी मलबे के नीचे दबे होने की बात कहते सुने जा रहे हैं।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे मंत्री डॉ. इंद्रनील खान ने बचाव कार्य को पहली प्राथमिकता बताया है। उन्होंने इस हादसे के लिए अवैध निर्माण को जिम्मेदार ठहराते हुए TMC पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह अवैध ढांचा उस समय बनाया गया था जब सत्ता में TMC थी। फिलहाल पूरे इलाके को घेरा गया है और बचाव अभियान तेजी से चल रहा है ताकि जल्द से जल्द सभी को सुरक्षित निकाला जा सके।
https://www.indiatv.in/west-bengal/kolkata-taratala-under-construction-warehouse-roof-collapse-many-workers-trapped-rescue-operation-2026-06-24-1227106