डूंगरपुर: दुल्हन की विदाई के दौरान बवाल, बदमाशों ने बारात रोकी और चाचा के तोड़े दांत

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। विदाई के समय बारात का रास्ता रोकने का विरोध करने पर बदमाशों ने दुल्हन के चाचा पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनके 6 दांत टूट गए।

शादी की खुशियां मातम में बदली

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित माथुगामड़ा पाल गांव में शादी का माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कुछ उपद्रवी युवकों ने बारात का रास्ता रोक दिया। मंगलवार को अमृतलाल कटारा की भतीजी का विवाह समारोह संपन्न हुआ था और परिजन दुल्हन की विदाई की तैयारी कर रहे थे, तभी चार युवकों ने अचानक वहां पहुंचकर व्यवधान उत्पन्न किया।

समझाइश बनी विवाद की वजह

शादी में आए परिजनों ने माहौल को शांत रखने के लिए युवकों को रास्ता छोड़ने की सलाह दी। अमृतलाल कटारा और कमलेश कटारा ने युवकों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन वे लोग उग्र हो गए और गाली-गलौज पर उतर आए। विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

पत्थरबाजी में घायल हुए चाचा

आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने अमृतलाल कटारा पर पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर सीधा उनके मुंह पर लगा, जिससे उनके छह दांत टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण वहां एकत्रित होने लगे। ग्रामीणों को आता देख सभी हमलावर वहां से फरार हो गए।

अस्पताल में चल रहा है इलाज

घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल अमृतलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों ने इस घटना के बाद किसी तरह बारात को विदा किया। फिलहाल सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/dungarpur-miscreants-halt-dulhan-vidai-in-dungarpur-captured-wedding-ceremony-and-caused-stir-10598650.html