रांची स्टेशन से महज 4KM की दूरी पर हैं ये 5 दिलकश ठिकाने, गर्मी में देंगे कश्मीर सा सुकून, ठंडी हवाएं मोह लेंगी मन

रांची रेलवे स्टेशन से सिर्फ 4 किलोमीटर के दायरे में धुरवा डैम, जगन्नाथ मंदिर, चुटिया का 300 साल पुराना राधा-कृष्ण मंदिर और नौका विहार जैसे शानदार पर्यटन स्थल मौजूद हैं। ट्रेन लेट होने पर इन जगहों की सैर आपके सफर को यादगार बना सकती है।

अक्सर ऐसा होता है कि आप रांची रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं और आपकी ट्रेन दो से तीन घंटे लेट हो जाती है। ऐसे में स्टेशन पर बैठे-बैठे इंतजार करना उबाऊ लगने लगता है। लेकिन यहां वक्त गुजारने से बेहतर है कि आप स्टेशन के महज 4 किलोमीटर के दायरे में फैली कुछ बेहद खूबसूरत जगहों की सैर कर लें। इस सूची में सबसे पहला नाम धुरवा डैम और जगन्नाथ मंदिर का आता है।

धुरवा और हरियाली से भरी सड़कें

रांची रेलवे स्टेशन से चार किलोमीटर के दायरे में सबसे पहले आपको धुरवा मिलेगा। यहां अब जगन्नाथ मंदिर के साथ-साथ सुंदर सड़कों और हरियाली का आनंद लिया जा सकता है। यह रांची की सबसे मनोरम सड़कों में से एक मानी जाती है। इसके अलावा आप चुटिया स्थित 300 साल पुराने राधा-कृष्ण मंदिर के भी दर्शन कर सकते हैं, जो अंग्रेजों के दौर का है।

राजा-महाराजाओं की गुफाएं और पवित्र इतिहास

यहां आपको राजा-महाराजाओं की गुफाएं तक देखने को मिलेंगी। कहा जाता है कि चैतन्य महाप्रभु पुरी की यात्रा के दौरान यहां रुके थे, इसीलिए इस स्थान को बेहद पवित्र और पावन माना जाता है। साथ ही धुरवा डैम की सुंदरता भी आपका मन मोह लेगी।

सिर्फ 100 रुपये में नौका विहार का आनंद

धुरवा डैम पर आप नौका विहार का लुत्फ भी उठा सकते हैं, वह भी महज 100 रुपये में। पानी के बीच की यह सैर आपके सफर की थकान को कुछ ही पलों में दूर कर देगी।

जगन्नाथ मंदिर का सुकून और शाम का नजारा

यहीं से थोड़ी दूरी पर आप जगन्नाथ मंदिर जा सकते हैं। यहां जो शांति और सुकून मिलता है, वह शायद ही कहीं और देखने को मिले। अगर आप शाम के समय यहां पहुंचते हैं तो रांची का मनमोहक नजारा एक ही झलक में आपकी आंखों के सामने आ जाता है। लोग यहां घंटों बैठते हैं। इसके बाद धुरवा की सड़कों पर टहलना न भूलें, जहां दोनों ओर लैंप लगे हैं और सुंदर पेड़ों के फूल सड़कों पर बिछे रहते हैं। यह दृश्य अपने आप में मंत्रमुग्ध कर देने वाला होता है।

दो-तीन घंटे में तरोताजा हो जाएगा मन

इन सभी जगहों को आप आराम से दो से तीन घंटे में घूम सकते हैं। इतने में ही आपका मूड तरोताजा हो जाएगा और आपका समय भी सार्थक रूप से इस्तेमाल हो जाएगा। इसलिए अगर आप रांची रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं और आपकी ट्रेन तीन घंटे लेट है, या फिर आप कहीं बाहर से रांची आए हैं और अगली ट्रेन तीन-चार घंटे की देरी से है, तो बीच का यह समय इन खूबसूरत ठिकानों पर जरूर बिताएं।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/travel-visit-dhurwa-dam-and-jagannath-temple-radha-krishna-mandir-nauka-bihar-near-ranchi-station-ranchi-top-tourist-spot-local18-ws-l-10538381.html