छत्तीसगढ़ में साइको किलर का खौफ, 4 महीने में 8 लोगों को जहर देकर उतारा मौत के घाट

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक किराना दुकानदार ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी ने पहले कुत्ते पर जहर का परीक्षण किया और फिर रंजिश के चलते आठ लोगों को मौत की नींद सुला दिया।

साइको किलर की गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के खर्वे गांव में पिछले 4 महीनों के भीतर हुई 8 लोगों की संदिग्ध मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा करते हुए 46 वर्षीय रामसहाय जायसवाल नाम के एक किराना दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने शराब में जहर मिलाकर अपने परिचितों की हत्या की है।

घटना का सिलसिला और जांच

पुलिस के अनुसार 6 जून को ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की थी कि फरवरी से 14 मई के बीच गांव में लगातार मौतें हो रही हैं। इन मौतों पर संदेह जताते हुए ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल का नाम लिया था। जांच के दौरान पुलिस ने 7 शवों को कब्र से निकलवाकर रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा और डीएनए के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं।

जहर का खौफनाक प्रयोग

पूछताछ में यह चौकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी ने हत्याओं का सिलसिला शुरू करने से पहले एक कुत्ते पर जहर का ट्रायल किया था। आरोपी ने चूहा मारने की दवा के नाम पर सुहागा का इस्तेमाल किया था। रामसहाय ने पुरानी रंजिश, चरित्र पर शक, गाली-गलौज और टोना-टोटका जैसे कारणों से इन वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी इतना शातिर था कि वह किसी को शक न हो, इसलिए मृतकों के अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था।

हत्याओं का विवरण

पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार रामसहाय ने निम्न लोगों की हत्या की और एक की जान लेने का प्रयास किया:

  • 6 फरवरी: बद्री
  • 20 फरवरी: बुठालु
  • 12 मार्च: छत्तु राम
  • 20 मार्च: बुधराम
  • 31 मार्च: विनोद कुमार
  • 28 अप्रैल: गजानंद
  • 29 अप्रैल: चैतूराम
  • 14 मई: महेतरू राम

इसके अलावा 14 अप्रैल को आरोपी ने कार्तिक नाम के व्यक्ति को भी जहर मिली शराब पिलाई थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी जान बच गई। फिलहाल, कसडोल थाने में आरोपी के खिलाफ 8 हत्याओं और 1 हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

https://www.indiatv.in/chhattisgarh/psycho-killer-arrested-for-eight-people-murder-over-four-months-in-chhattisgarh-2026-06-24-1227017