गुजरात के पाटन से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मकान में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में जोरदार धमाका होने के बाद देखते ही देखते पूरे घर में भीषण आग फैल गई। इस हादसे में पाटन पुलिस के एलआईबी विभाग में तैनात सुरेखाबेन चौधरी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों का काफिला और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा विस्फोट की असली वजह जानने के लिए कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे घटा हादसा
यह घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। पाटन के पद्मनाथ चौकड़ी इलाके में स्थित मां गायत्री दर्शन फ्लैट में रहने वाली सुरेखाबेन गंडाभाई चौधरी पाटन पुलिस के एलआईबी विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थीं। हादसे के समय वे दोपहर में अपने घर में अकेली सो रही थीं। तभी अचानक घर में लगे एसी में जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरे मकान में आग की लपटें फैल गईं। इसी दौरान सुरेखाबेन घर के भीतर ही फंस गईं और आग में उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पूरी तरह जल गया शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों का दल तुरंत मौके पर पहुंचा। महिला पुलिसकर्मी के बुरी तरह जले हुए शव को कमरे से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को तत्काल पीएम धरपुर अस्पताल भेजा गया, जहां पैनल के डॉक्टरों ने विस्तृत पोस्टमार्टम किया।
गर्मी में बढ़ जाती हैं आग की घटनाएं
गौरतलब है कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही आग की घटनाएं अपना भयावह रूप दिखाने लगती हैं। ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जाती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी इस साल आग की कई घटनाओं ने लोगों को अपनी चपेट में लिया है। दिल्ली में इस वर्ष अब तक, यानी जनवरी से 3 जून तक, आग की घटनाओं में कम से कम 66 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें अकेले 3 जून को मालवीय नगर अग्निकांड में ही 21 लोगों की मौत हुई, जबकि मई महीने में आग से 13 लोगों की जान गई।
गर्मी के महीनों में तापमान बढ़ने और मौसम के शुष्क रहने के कारण आमतौर पर आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं।
https://www.indiatv.in/gujarat/gujarat-patan-lib-female-police-officer-dies-after-ac-explodes-2026-06-04-1222910