पंजाब के फिरोजपुर में एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में बुधवार को भीषण आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर एक कर्मचारी की जिंदा जलने से मौत हो गई। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि आग बुझने तक न तो किसी अन्य कर्मचारी और न ही होटल के मालिक ने यह बताया कि कोई व्यक्ति भीतर फंसा हुआ है। आग पर काबू पाने के बाद जब दमकल कर्मी रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचे, तब उन्हें एक जला हुआ शव मिला। शुरुआती जानकारी में किसी के घायल होने की बात सामने नहीं आई थी, मगर बाद में कर्मचारी का शव बरामद हुआ।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 9 बजे जब आग लगी, उस समय होटल का कर्मचारी, जिसका नाम तुलसी बताया जा रहा है, भीतर ही फंस गया, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दमकल की गाड़ियां लगातार आग पर पानी डालती रहीं, पर इस दौरान न तो किसी ने यह बताया कि अंदर कोई कर्मचारी मौजूद है और न ही होटल मालिकों ने इस बारे में कोई सूचना दी कि उनका कोई कर्मचारी भीतर फंसा हुआ है या नहीं। आग बुझाते समय दमकल कर्मियों को अंदर एक शव मिला, जिसे सिविल अस्पताल भेजा गया और वहां पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
फायर टेंडर में 22 बार भरा गया पानी
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को फिरोजपुर के कैंटोनमेंट इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगी, जिसमें एक कर्मचारी की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि रेस्टोरेंट के भीतर से धुआं उठता देख स्टाफ ने हल्ला मचाया, जिसके बाद मौके पर फायर टेंडर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के इलाके में फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया। आग बुझाने के दौरान फायर टेंडर में कुल 22 बार पानी भरा गया।
बुरी तरह झुलस गया था मृतक
सिविल अस्पताल के डॉ. करज ने बताया कि मृतक बुरी तरह झुलस चुका था और पुलिस के निर्देश पर ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। चश्मदीदों के अनुसार, आग रेस्टोरेंट के अंदरूनी हिस्से तक ही सीमित रही, जिससे फर्नीचर और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि इस हादसे से कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई। कैंटोनमेंट बोर्ड के सैनिटरी एवं फायर डिपार्टमेंट के सुपरिटेंडेंट अभिषेक पांडे ने कहा कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है, हालांकि आग लगने की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है।
https://www.indiatv.in/punjab/ferozepur-restaurant-employee-burned-alive-firefighters-found-body-no-one-reported-being-trapped-2026-06-04-1222908