देवरिया में 16 करोड़ का निर्माणाधीन पुल बना खतरा, लंबी दरार से गिरा मलबा, बाल-बाल बचे मजदूर

देवरिया के चखनी घाट पर बन रहे 16 करोड़ रुपये के निर्माणाधीन पुल में कई फीट लंबी दरार आ गई, जिससे मलबा गिरा और मौके पर मौजूद मजदूर बाल-बाल बच गए। घटिया निर्माण के आरोपों के बीच गोरखपुर और लखनऊ की टीमें जांच में जुटी हैं।

देवरिया जिले में यूपी और बिहार की राज्य सीमा को आपस में जोड़ने वाले भाटपाररानी तहसील क्षेत्र की खुनुवां नदी पर स्थित चखनी घाट पर बन रहे पुल को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस निर्माणाधीन पुल के एक हिस्से में कई फीट लंबी दरार उभर आई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

दरार पड़ने के साथ ही पुल का मलबा नीचे की ओर गिर गया। राहत की बात यह रही कि उस समय वहां काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए और कोई बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल खराब गुणवत्ता वाले निर्माण और तय मानकों की अनदेखी के चलते विवादों में घिर गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसकी वजह से पुल की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना के बाद आसपास के गांवों के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जांच के लिए पहुंचीं टीमें

बताया जा रहा है कि देवरिया सेतु निगम ने इस पूरे मामले को कई दिनों तक दबाए रखा। हालांकि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब गोरखपुर और लखनऊ से जांच टीमों को मौके पर भेजा गया है।

गोरखपुर से पहुंची टीम ने बिना सेफ्टी किट के ही पुल का निरीक्षण किया और दरार वाली जगह की दीवार को गिराने की सिफारिश की है। इसके साथ ही टीम निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी विस्तृत जांच कर रही है।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

पुल में आई इस बड़ी तकनीकी खामी पर सेतु निगम के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तय की जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/deoria-major-crack-appears-in-16-crore-under-construction-bridge-in-deoria-investigation-underway-local18-10538300.html