करेले की कड़वाहट से हैं परेशान? इस खास तरीके से बनाएं मसालेदार सब्जी, उंगलियां चाटते रह जाएंगे

करेले के स्वास्थ्य लाभ सभी जानते हैं लेकिन कड़वे स्वाद के कारण कई लोग इसे खाने से बचते हैं। यहां जानें वो आसान रेसिपी जिससे आपकी करेले की सब्जी बनेगी चटपटी और बिल्कुल भी कड़वी नहीं लगेगी।

करेले की लाजवाब रेसिपी

करेला सेहत के लिए गुणों की खान है, लेकिन इसके कड़वेपन के कारण अक्सर लोग इसे खाने से कतराते हैं। यदि आप भी इसी वजह से करेले से दूर भागते हैं, तो अब चिंता छोड़ दें। हम आपको एक ऐसी विधि बता रहे हैं जिससे आपकी सब्जी मसालेदार और स्वादिष्ट बनेगी, और कड़वाहट का नामो-निशान नहीं रहेगा। आप इस सब्जी को दाल-चावल या फिर गरमा-गरम पराठे के साथ मजे से खा सकते हैं।

सब्जी बनाने की चरणबद्ध विधि

पहला स्टेप: सबसे पहले एकदम ताजा और कड़े करेले चुनें। करेले को तोड़कर चेक करें, यदि वह आसानी से टूट रहा है तो समझें कि वह कच्चा है और सब्जी के लिए सबसे उपयुक्त है। करेले को अच्छी तरह धोकर गोल टुकड़ों में काट लें। यदि बीज सख्त, लाल या काले नजर आएं तो उन्हें हटा दें। कच्चे बीज सब्जी का स्वाद और बढ़ा देते हैं।

दूसरा स्टेप: कड़वाहट को दूर करने के लिए कच्चा आम लें और उसे छीलकर लंबे टुकड़ों में काट लें। अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और कटे हुए करेले को डालकर तेज आंच पर 10-12 मिनट तक शैलो फ्राई करें। इस तरह भूनने से करेले का कड़वापन काफी हद तक खत्म हो जाता है।

तीसरा स्टेप: अब तड़के की तैयारी करें। उसी कड़ाही में थोड़ा और सरसों का तेल डालें और जीरा, सौंफ, साबुत धनिया और थोड़ी कलौंजी का तड़का लगाएं। अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालें और हल्का गुलाबी होने तक भूनें। इसके बाद लहसुन, बारीक कटी अदरक, हरी मिर्च और थोड़ी सी हींग डालें। मसालों के साथ ही कटा हुआ कच्चा आम भी मिला दें।

चौथा स्टेप: अब इसमें बारीक कटा टमाटर और स्वादानुसार नमक मिलाएं। टमाटर के गलने तक इसे पकाएं और फिर हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर तथा कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें। मसाले को जलने से बचाने के लिए थोड़े पानी के छींटे मारें और धीमी आंच पर अच्छी तरह भून लें।

पांचवां स्टेप: जब मसाला पूरी तरह भुन जाए और कड़ाही छोड़ने लगे, तो इसमें पहले से फ्राई किए हुए करेले डाल दें। आखिर में आमचूर पाउडर, थोड़ा काला नमक और कसूरी मेथी छिड़कें। अंत में हरा धनिया डालकर गरमा-गरम परोसें। इसका स्वाद आपको बेहद पसंद आएगा।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/you-have-never-tasted-kerala-vegetable-recipe-like-this-before-remove-all-bitterness-of-bitter-gourd-2026-06-23-1226915