भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने की तैयारी, 'वाग देवी भोजपाल विश्वविद्यालय' रखने का प्रस्ताव

भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलकर 'वाग देवी भोजपाल विश्वविद्यालय' करने के प्रस्ताव को कार्य परिषद ने मंजूरी दे दी है। अब इस पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने की कवायद अब औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है। बुधवार को हुई विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक में संस्थान का नाम बदलकर 'वाग देवी भोजपाल विश्वविद्यालय' करने के प्रस्ताव पर सहमति बन गई और इसे स्वीकृति प्रदान कर दी गई।

राज्यपाल के पास भेजा गया प्रस्ताव

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि कार्य परिषद से हरी झंडी मिलने के बाद यह प्रस्ताव आगे की कार्यवाही के लिए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राज्यपाल मंगूभाई पटेल को भेजा जा चुका है। इस बारे में अंतिम निर्णय अब राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा।

राजा भोज से जुड़ा ऐतिहासिक आधार

बैठक में परिषद के सदस्यों ने राजा भोज के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक योगदान को रेखांकित किया। सदस्यों का मत था कि भोपाल का प्राचीन नाम भोजपाल था और राजा भोज का इस क्षेत्र के इतिहास से गहरा नाता रहा है।

इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय का नाम राजा भोज के संदर्भ से जोड़कर 'वाग देवी भोजपाल विश्वविद्यालय' रखने के प्रस्ताव को उपयुक्त माना गया।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/bhopal-barkatullah-university-name-change-preparations-rename-as-vagdevi-bhojpal-university-2026-06-04-1222904