कलेक्टर दफ्तर में गुहार
मध्य प्रदेश के देवास जिले में जनसुनवाई के दौरान एक महिला का दर्द छलक पड़ा। ग्राम सिया की रहने वाली यह महिला अपने लापता पति को ढूंढने की गुहार लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची। महिला ने बताया कि उसके पति को गायब हुए लगभग 3 महीने का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति खाटू श्याम के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला था। वह दर्शन के लिए तो गए, लेकिन उसके बाद वे वापस नहीं लौटे। महिला के अनुसार, पति की गैरमौजूदगी में घर की आर्थिक स्थिति बदतर हो गई है। उसके ऊपर अब चार बच्चों की जिम्मेदारी अकेले आ गई है, जिसे निभाना उसके लिए बेहद कठिन हो गया है।
प्रशासन से उम्मीद
महिला ने बताया कि उसने संबंधित थाने में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। हारकर अब उसने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले में देवास के कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने महिला की फरियाद को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर लापता व्यक्ति की खोजबीन के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने महिला को भरोसा दिलाया है कि प्रशासन की ओर से पूरी मदद की जाएगी ताकि परिवार को राहत मिल सके और लापता पति का पता लगाया जा सके।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/dewas-husband-went-for-khatu-shyam-darshan-missing-for-3-months-10596710.html