ओडिशा के राउरकेला शहर से चोरी की एक ऐसी अजीबोगरीब वारदात सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। उदितनगर के जगन्नाथ मंदिर में पहुंचे एक चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले भगवान के सामने सिर झुकाकर प्रणाम किया और फिर मंदिर की दानपेटियों से नकदी निकालकर वहां से भाग निकला। यह सारी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
भगवान शिव के स्थान पर भी टेका माथा
मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 1 जून की सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति मंदिर परिसर के भीतर दाखिल होता है। अंदर पहुंचते ही वह सबसे पहले अरुण स्तंभ के पास जाकर भगवान को प्रणाम करता है। इसके बाद वह परिसर में मौजूद भगवान शिव के स्थान पर भी जाकर श्रद्धापूर्वक अपना सिर झुकाता है।
दो दानपेटियां तोड़कर उड़ाई नकदी
फुटेज में आगे देखा जा सकता है कि प्रणाम करने के तुरंत बाद चोर अपने असल इरादे को अंजाम देने में जुट जाता है। सबसे पहले वह मंदिर के बाहर रखी दानपेटी को घसीटते हुए वहां से ले जाता है। बताया जा रहा है कि उसने इस दानपेटी को मंदिर के पीछे ऐसी जगह पहुंचाया, जहां सीसीटीवी कैमरों की पहुंच नहीं थी। वहीं उसने पेटी को तोड़कर उसके अंदर रखी रकम निकाल ली। हालांकि इतने पर भी वह नहीं रुका। इसके बाद उसने गर्भगृह की ओर जाने वाले दरवाजे को नुकसान पहुंचाकर अंदर घुसने का रास्ता बनाया और वहां रखी दूसरी दानपेटी को भी अपने कब्जे में लेकर उससे पैसे चुरा लिए। इस तरह चोर ने मंदिर के भीतर और बाहर रखी दोनों दानपेटियों को अपना निशाना बनाया।
सुबह जब मंदिर के पुजारी वहां पहुंचे तो उन्हें दानपेटियां टूटी हुई हालत में मिलीं। इसके बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात साफ-साफ कैद मिली।
पुलिस ने चोर को लेकर क्या कहा?
घटना का पता चलते ही मंदिर प्रबंधन ने उदितनगर थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि दानपेटियों में 5,000 रुपये से कम नकदी मौजूद थी, इसी वजह से इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पूछताछ के दौरान यह आशंका भी जताई गई कि मंदिर में दाखिल हुए व्यक्ति की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है और घटना के हर पहलू को जांचने में जुटी है।
मंदिर में भक्ति का अनोखा नजारा, श्रद्धालुओं में चर्चा
इस पूरे मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यही है कि चोरी करने से ठीक पहले चोर ने भगवान जगन्नाथ और भगवान शिव के सामने माथा टेका और उसके फौरन बाद दानपेटियां तोड़कर वारदात को अंजाम दे दिया। मंदिर में हुई इस अनोखी चोरी की घटना अब स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
https://www.indiatv.in/india/national/uditnagar-jagannath-temple-theft-video-thief-offered-puja-then-fled-with-the-donation-box-2026-06-04-1222898