हिमाचल प्रदेश: किन्नौर में देखते ही देखते ढह गया लोहे का पुल, डंपर समेत नीचे गिरा ढांचा

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जहां उरनी क्षेत्र में एक लोहे का पुल अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के दौरान पुल से गुजर रहा एक डंपर भी नीचे जा गिरा, हालांकि गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

पुल गिरने का खौफनाक मंजर

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां उरनी क्षेत्र में बना लोहे का पुल ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गया। मंगलवार की सुबह जब यह पुल गिरा, उस समय उस पर एक डंपर गुजर रहा था, जो पुल के साथ ही नीचे जा गिरा। राहत की बात यह है कि इस गंभीर हादसे में डंपर चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया है और किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

जोरदार आवाज के साथ हुआ हादसा

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने एक तेज धमाके के साथ पुल को ढहते देखा। घटना के बाद आसपास हड़कंप मच गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत इस मार्ग पर यातायात को पूरी तरह बंद कर दिया है। यह पुल लाहौल-स्पीति के काजा और शिमला जिले को किन्नौर से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण जरिया था। इसके टूटने से तीन जिलों का आपसी संपर्क प्रभावित हुआ है।

ओवरलोडिंग बनी पुल गिरने की वजह

एनएचएआई भावानगर के सहायक अभियंता उमेश लारजू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुल पर भारी और ओवरलोड वाहनों का चलना पहले से ही प्रतिबंधित था और इसके लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। प्राथमिक जांच से पता चला है कि रेत से लदा एक ओवरलोड डंपर इस हादसे का मुख्य कारण बना। इस घटना में प्रशासन को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा

इस हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुल से एक डंपर पहले ही गुजर चुका था, लेकिन जैसे ही दूसरा डंपर पुल के बीच पहुंचा, पूरा ढांचा भरभराकर नीचे गिर गया। फुटेज में पुल के अचानक गिरने की भयावहता स्पष्ट देखी जा सकती है।

यातायात मार्ग में बदलाव

टापरी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। पुल टूटने के बाद प्रशासन ने रूट में बड़े बदलाव किए हैं। अब रामपुर और शिमला की ओर से रिकांगपिओ, कल्पा और सांगला जाने वाले यात्री टापरी से चगांव-उरनी लिंक मार्ग के जरिए चोलिंग पहुंचकर एनएच-05 से जुड़ पाएंगे। इसी तरह, किन्नौर से शिमला और रामपुर जाने वाले वाहन भी चोलिंग से उरनी-चगांव लिंक मार्ग का उपयोग कर टापरी तक अपनी यात्रा कर सकेंगे।

https://www.indiatv.in/india/national/bridge-collapsed-in-kinnaur-when-truck-was-passing-over-it-cctv-footage-surfaced-2026-06-23-1226937