दिल्ली में राशिद हत्याकांड का मुख्य आरोपी हारून गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने राशिद मर्डर केस में फरार चल रहे वांछित आरोपी हारून सैफी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़

राजधानी दिल्ली में चर्चित राशिद हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 24 वर्षीय आरोपी हारून सैफी को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। यह कार्रवाई सिग्नेचर ब्रिज और खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के बीच वाले इलाके में अंजाम दी गई। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में एक गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। मौके से पुलिस ने एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है।

मामले की पृष्ठभूमि

भागीरथी विहार निवासी हारून सैफी पर दयालपुर पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 293/2026 दर्ज की गई थी। उस पर BNS की धारा 103(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत गंभीर आरोप हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के पास आने वाला है, जिसके बाद स्पेशल स्टाफ टीम ने घेराबंदी की। पुलिस की टीम को देखते ही हारून ने भागने का प्रयास किया और उन पर फायरिंग कर दी।

जांच का दायरा बढ़ा

पुलिस के अनुसार हारून राशिद हत्याकांड का तीसरा और मुख्य आरोपी है। इस सनसनीखेज मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। अब पुलिस हारून से पूछताछ कर इस पूरी साजिश का खुलासा करने की कोशिश करेगी। गौरतलब है कि 15 जून को दयालपुर थाना क्षेत्र में पानी का प्लांट चलाने वाले राशिद की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अब इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।

https://www.indiatv.in/delhi/delhi-crime-haroon-a-wanted-accused-in-rashid-murder-case-has-been-arrested-2026-06-23-1226870