आयरलैंड दौरे के लिए रवाना हुए वैभव
जूनियर क्रिकेट में अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचने वाले वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय टीम के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वैभव मंगलवार को टीम इंडिया के साथ आयरलैंड दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव को पहली बार राष्ट्रीय टीम की किट सौंपी गई।
जर्सी नंबर 3 के साथ करेंगे आगाज
इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही वैभव सूर्यवंशी ने अपनी किट का बॉक्स खोला, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान यह भी स्पष्ट हो गया कि वैभव अपने इंटरनेशनल डेब्यू में 3 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे। अपनी जर्सी को हाथ में थामे हुए वैभव बेहद उत्साहित और भावुक नजर आए।
सपना सच होने जैसा अहसास
अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनके पास अपनी खुशी जाहिर करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, शब्द नहीं हैं मेरे पास। जिस लक्ष्य के लिए मैंने पहले दिन से बल्ला पकड़ा था, आज वह सपना साकार हो गया है। आज सब कुछ पूरा होता हुआ महसूस हो रहा है। जर्सी देखते ही मैं इतना खुश हो गया कि मैं अपनी प्रतिक्रिया नहीं दे पा रहा था, यह वाकई एक सपने के सच होने जैसा है।
https://hindi.news18.com/cricket/which-jersey-number-will-vaibhav-sooryavanshi-wear-for-his-international-debut-jumped-for-joy-moment-he-saw-it-10595520.html