सहारनपुर में ई-बस सेवा को मिली हरी झंडी
सहारनपुर के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से प्रतीक्षित इलेक्ट्रिक बस सेवा अब जल्द ही शुरू होने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने जिले में 25 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। ये बसें पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मॉडल के तहत चलाई जाएंगी, जिससे शहरी और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले हजारों यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिल सकेगा।
तैयार है अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन
इस परियोजना की रूपरेखा अगस्त 2022 से ही तैयार की जा रही थी। अब इसे अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मानकमऊ रोड पर 3.50 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन भी बनाया गया है। यहां बसों के रखरखाव और चार्जिंग की पूरी व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा, परियोजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए अक्टूबर 2025 में एक विशेष कंपनी भी गठित की गई थी।
छात्रों और मरीजों के लिए विशेष रूट
सहारनपुर के महापौर डॉक्टर अजय सिंह ने बताया कि बसों के रूट तय करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रशासन की प्राथमिकता में विश्वविद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह के मार्ग तैयार किए जा रहे हैं जो विभिन्न कॉलेजों को जोड़ते हुए विश्वविद्यालय तक पहुंचें। इसके साथ ही, जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि मरीजों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, शहर के प्रमुख पौराणिक स्थलों को भी बस सेवा से जोड़ा जाएगा।
प्रदूषण से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से शुरू होने वाली यह सेवा न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी होगी। इन बसों के चलने से प्रदूषण कम होगा और आम लोगों को आरामदायक सफर मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की जेब पर बोझ न पड़े, इसके लिए किराए का निर्धारण भी बेहद किफायती रखा जाएगा।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/saharanpur-saharanpur-to-get-25-electric-buses-connecting-universities-colleges-and-hospitals-local18-10595471.html