मानसून आज करेगा भारत में दस्तक, केरल समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश; मध्य प्रदेश-राजस्थान में ओले गिरने की चेतावनी

दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल के रास्ते देश में प्रवेश करेगा, जबकि दिल्ली-एनसीआर में गर्मी फिर लौट आई है। कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अनुमान जताया गया है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल के रास्ते देश में दाखिल होने जा रहा है। दूसरी ओर, बीते कुछ दिनों से दिल्ली में बना रहा सुहाना मौसम अब धीरे-धीरे फीका पड़ने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी-तूफान जैसे हालात बने रह सकते हैं। इसके अलावा 4 जून को जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

दिल्ली समेत इन राज्यों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

मौसम विभाग ने 4 जून यानी आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तेज आंधी आने को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवाओं की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है। इन इलाकों में आज हल्की बारिश होने की संभावना भी है।

इन राज्यों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान यहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4-7 जून के बीच जोरदार बारिश हो सकती है। इसके साथ ही झारखंड और ओडिशा में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। 4 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 जून को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की आशंका है।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिन का मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मथुरा और आगरा के लोगों को तेज धूप और तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर के समय मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट'

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और इनके आसपास के क्षेत्रों में आंधी चलने का अनुमान है। इन जिलों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आने और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

https://www.indiatv.in/india/national/imd-weather-forecast-monsoon-set-to-arrive-in-kerala-today-alert-for-heavy-rainfall-for-several-states-mp-and-rajasthan-expected-to-hailstorms-2026-06-04-1222891