पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुंदरनगर उपमंडल के गेहरी गांव में शराब के नशे में धुत एक बेटे ने अपने माता-पिता पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में मां की जान चली गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
रात के समय हुई झड़प
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात की है। 62 वर्षीय फगनू राम और उनके 40 वर्षीय बेटे खेमा राम के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि खेमा राम ने आपा खो दिया और लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया। इस दौरान जब 55 वर्षीय मां पार्वती देवी, जिन्हें माघी देवी के नाम से भी जाना जाता था, अपने पति को बचाने के लिए बीच में आईं, तो बेटे ने उन पर भी घातक प्रहार कर दिया।
सरकारी कर्मचारी है आरोपी
इस हमले में मां की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक महिला शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश सचिवालय में कार्यरत थीं। वहीं, आरोपी बेटा भी एक सरकारी कर्मचारी बताया जा रहा है। घटना की सूचना रात करीब 11 बजे BSL कॉलोनी पुलिस को मिली, जिसके बाद एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल पिता को इलाज के लिए सुंदरनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 103 और 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई हैरान है कि एक बेटा अपने ही माता-पिता का दुश्मन कैसे बन सकता है।
https://www.indiatv.in/crime/drunken-man-killed-his-mother-injures-father-in-mandi-2026-06-22-1226809