हरियाणा पर आज दो पश्चिमी विक्षोभ का असर, हिमाचल के लिए IMD का गंभीर अलर्ट

हरियाणा में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आज मौसम बिगड़ेगा और 6 जून तक बारिश व तेज हवाओं का दौर रहेगा। उधर हिमाचल के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है।

हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में आज दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते मौसम खराब बना रहेगा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम का यह बदला हुआ रूप 6 जून तक बना रहने की संभावना है।

दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से 6 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस अवधि में जहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, वहीं बारिश और तेज हवाओं का सामना भी करना पड़ेगा। इनमें से पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 जून को आ चुका है, जबकि दूसरा आज पहाड़ी इलाकों की ओर बढ़ेगा।

चंडीगढ़ में तापमान की स्थिति

IMD के मुताबिक, आज पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के आसार हैं। इसके असर से 6 जून तक हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में बीच-बीच में मध्यम से तेज गति की हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

कल यानी 3 जून को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें पिछले 24 घंटों के दौरान 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 24 घंटों में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। इस दौरान कोई बड़ा मौसमी बदलाव सामने नहीं आया।

दक्षिण-पश्चिम मानसून कब आएगा?

दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल के रास्ते देश में दस्तक देने वाला है, जो देश में बारिश के मौसम की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। पश्चिमी भारत में भी मौसमी हलचल तेज हो रही है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा में मानसून के आगे बढ़ने के साथ गरज, तेज हवाएं और छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून के पहुंचने पर कई बड़े हिस्सों में पूरे सप्ताह गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

हिमाचल में बदलेगा मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों के भीतर मौसम का रुख पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की चेतावनी दी है और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आएगी।

IMD के अनुसार, हिमाचल में 4 जून को व्यापक स्तर पर मौसम खराब रहेगा। मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में किन्नौर और लाहौल-स्पीति शामिल हैं। 5 जून से मौसम में फिर सुधार होगा और इस दिन से मौसम दोबारा शुष्क हो जाएगा।

बारिश वाले इलाकों के लिए विभाग की सलाह

  • घर के अंदर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें।
  • यात्रा करने से बचें और सुरक्षित आश्रय लें।
  • पेड़ों के नीचे शरण न लें।
  • कंक्रीट की फर्श पर न लेटें और न ही कंक्रीट की दीवारों से टेक लगाकर खड़े हों।
  • बिजली के उपकरणों को प्लग से निकाल दें।
  • बिजली का संचालन करने वाली सभी वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।

चंबा से कुल्लू तक कैसा रहेगा मौसम

चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में 6 जून तक लगातार बारिश की संभावना है। यहां 4, 5 और 6 जून को अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। शिमला और मंडी में 4 व 5 जून को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि शिमला के लिए इन दोनों दिनों अंधड़ का अलर्ट जारी किया गया है। सिरमौर जिले में भी 4 और 5 जून को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

https://hindi.news18.com/news/haryana/gurgaon-weather-today-rain-warning-imd-alert-4-june-aaj-ka-mausam-himachal-kangra-kinnaur-local18-10537898.html