लॉर्ड्स के 'बादशाह' जो रूट इतिहास की दहलीज पर, टेस्ट क्रिकेट में एक और महारिकॉर्ड के करीब

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट लॉर्ड्स टेस्ट में सिर्फ 75 रन बनाते ही न्यूजीलैंड के खिलाफ 2000 टेस्ट रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। साथ ही वह 14000 टेस्ट रनों के आंकड़े से भी महज 57 रन दूर हैं।

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 4 जून से जब इंग्लैंड और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगी, तो सबकी निगाहें दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज जो रूट पर टिकी रहेंगी। शानदार फॉर्म में चल रहे रूट इस मुकाबले में एक ऐसा कीर्तिमान रचने के बेहद करीब हैं, जिसे आज तक टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कोई भी बल्लेबाज नहीं बना सका है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 2000 रन पूरे करने के लिए रूट को महज 75 रन और चाहिए, और लॉर्ड्स टेस्ट में वह यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। इस मैदान पर रूट का बल्ला हमेशा जमकर रन उगलता रहा है और वह यहां टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं।

2000 रन का अनोखा मुकाम

रूट ने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 टेस्ट मैचों की 40 पारियों में 1925 रन जुटाए हैं। अगर वह लॉर्ड्स टेस्ट में 75 रन और जोड़ लेते हैं, तो कीवी टीम के खिलाफ दो हजार रन का आंकड़ा छूने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

इस सूची में रूट पहले ही पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज जावेद मियांदाद (1919 रन) को पीछे छोड़ चुके हैं। इस फेहरिस्त में भारत के राहुल द्रविड़ (1659 रन) तीसरे और सचिन तेंदुलकर (1595 रन) चौथे पायदान पर मौजूद हैं।

14000 रन से भी एक कदम दूर

रूट अपने टेस्ट करियर के एक और बड़े पड़ाव के नजदीक हैं। उन्होंने अब तक 163 टेस्ट मैचों में 13943 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में 14000 रनों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 57 रनों की दरकार है।

https://hindi.news18.com/cricket/eng-vs-nz-1st-test-lords-joe-root-ready-to-creates-history-once-again-just-75-run-away-to-become-1st-batter-in-world-10537917.html