5 जून को OTT पर रोमांस और एक्शन का जबरदस्त संगम, आदिवी-मृणाल की जोड़ी वाली 'डकैत' मचाएगी हलचल

आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की रोमांटिक थ्रिलर 'डकैत' 5 जून को प्राइम वीडियो पर हिंदी में स्ट्रीम होगी। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद अब यह फिल्म घर बैठे देखी जा सकेगी।

आदिवी शेष, मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप की फिल्म 'डकैत: ए लव स्टोरी' 10 अप्रैल को बड़े पर्दे पर पहुंची थी और अब यह ओटीटी पर दस्तक देने को तैयार है। रिलीज के बाद इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। अगर आप इसे सिनेमाघर में नहीं देख पाए, तो अब घर बैठे इसका आनंद ले सकते हैं। 2026 की यह रोमांटिक-थ्रिलर जून के पहले हफ्ते में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने वाली है और मेकर्स ने इसकी ओटीटी रिलीज का ऐलान सोशल मीडिया के जरिए कर दिया है।

कब और कहां देख सकेंगे 'डकैत'

आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की यह रोमांटिक थ्रिलर 5 जून को प्राइम वीडियो पर हिंदी भाषा में स्ट्रीम होगी। इसकी जानकारी खुद साउथ अभिनेता आदिवी शेष ने अपने इंस्टाग्राम के माध्यम से साझा की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'प्यार में बदला या प्यार से बदला, 5 जून को हिन्दी में डकैत।' शेनिल देव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा अनुराग कश्यप, जेन मैरी खान, प्रकाश राज, अतुल कुलकर्णी और सुनील भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

प्यार और बदले के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी

'डकैत' की कहानी एक गुस्सैल कैदी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी भूमिका आदिवी शेष ने निभाई है। एक धोखे के बाद उसकी जिंदगी की दिशा पूरी तरह बदल जाती है और वह अपनी पुरानी प्रेमिका से बदला लेने का फैसला करता है। यह फिल्म रोमांस, एक्शन, क्राइम और भावनाओं से भरपूर है, जिसमें प्रेम और प्रतिशोध की कहानी को पर्दे पर उतारा गया है। फिल्म की कहानी आदिवी शेष और निर्देशक शैनेल देव ने मिलकर लिखी है, जबकि इसे अन्नपूर्णा स्टूडियोज के बैनर तले सुप्रिया यारलागड्डा ने प्रोड्यूस किया है।

मृणाल ठाकुर के आगामी प्रोजेक्ट

साल 2026 की ताजा ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर भी शामिल हैं, जिनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब भा रही है। मृणाल जल्द ही फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में वरुण धवन और पूजा हेगड़े के साथ नजर आएंगी। वहीं, आदिवी शेष ने अभी तक अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/dacoit-ott-release-adivi-sesh-and-mrunal-thakur-romantic-thriller-film-stream-on-prime-video-from-june-5-2026-06-03-1222873