भारतीय टी20 टीम में आने वाले दिनों में कुछ अहम फेरबदल लगभग तय माने जा रहे हैं और बीसीसीआई इस दिशा में मन बना चुका है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद अब टीम इंडिया को इस फॉर्मेट में अपनी अगली सीरीज जून के आखिर में आयरलैंड दौरे पर खेलनी है, जहां 2 मैचों का मुकाबला होना है। इस दौरे के लिए स्क्वाड का ऐलान अभी होना बाकी है। माना जा रहा है कि मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह नए कप्तान का ऐलान हो सकता है और इतना ही नहीं, सूर्या को टीम में अपनी जगह भी गंवानी पड़ सकती है। इसकी सबसे बड़ी वजह बल्ले से उनका बेहद फीका प्रदर्शन बताया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि बतौर कप्तान सूर्या का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है, जिसमें भारतीय टीम ने 52 मैच खेलते हुए 42 में जीत दर्ज की है।
सूर्या की कप्तानी में नहीं गंवाई एक भी सीरीज
टी20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम का नियमित कप्तान साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के समाप्त होने के बाद बनाया गया था, जब रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की थी। इससे पहले सूर्या रोहित की गैरमौजूदगी में 7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में टीम इंडिया की कमान संभाल चुके थे। बतौर कप्तान उनके रिकॉर्ड की सबसे खास बात यह रही कि उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने एक भी सीरीज नहीं गंवाई। सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने कुल 52 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिनमें से 42 में जीत मिली, जबकि सिर्फ 8 मैचों में हार झेलनी पड़ी और 2 मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकल सका। इस दौरान भारतीय टीम ने कुल 9 द्विपक्षीय सीरीज खेलीं और सभी अपने नाम कीं। इसके अलावा एशिया कप 2026 में टीम इंडिया ने बिना कोई मैच गंवाए खिताब जीता, वहीं टी20 वर्ल्ड कप जीतने के सफर में उसे महज एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
बतौर बल्लेबाज कप्तानी में कैसा रहा सूर्या का प्रदर्शन
कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव के बल्लेबाजी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने 52 मैचों में 49 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान उनके बल्ले से 28.65 के औसत से 1232 रन निकले, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 154.96 रहा। बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में सूर्या ने एक शतक और 8 अर्धशतक जमाए हैं। हालांकि वह चार बार बिना खाता खोले डक पर भी पवेलियन लौटे हैं। कप्तानी करते हुए उनका सर्वोच्च स्कोर 100 रनों की पारी रही, जो उन्होंने 14 दिसंबर 2023 को जोहान्सबर्ग के मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बनाई थी।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/suryakumar-yadav-record-as-indian-team-t20i-captain-in-52-matches-win-42-and-lost-only-8-match-2026-06-03-1222871