अफवाहों का दौर
नब्बे के दशक की चर्चित अभिनेत्री सोनम खान ने अपने अभिनय करियर को लेकर चल रही पुरानी चर्चाओं पर खुलकर बात की है। सोनम ने 'आखिरी गुलाम', 'जीने दो' और 'अजूबा' जैसी कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने करीब 8 साल के करियर में 37 फिल्मों में अपनी पहचान बनाई, लेकिन 1994 के बाद वह बड़े पर्दे से दूर हो गईं। उनकी सबसे अधिक चर्चा 1989 में आई फिल्म 'त्रिदेव' के सुपरहिट गाने 'ओए ओए' को लेकर रही, जिसमें वह नसीरुद्दीन शाह के साथ दिखाई दी थीं। इस गाने के बाद अफवाह उठी थी कि उन्हें यह फिल्म और गाना डायरेक्टर राजीव राय से अफेयर के कारण मिला था।
क्या था अफेयर का सच?
सोनम खान ने स्पष्ट किया है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उनका और डायरेक्टर राजीव राय का कोई निजी रिश्ता नहीं था। अभिनेत्री के अनुसार, उस वक्त वे दोनों ही अपनी जिंदगी में किसी और के साथ रिलेशनशिप में थे। उन्होंने बताया कि शूटिंग सेट पर अक्सर राजीव राय की प्रेमिका और सोनम के बॉयफ्रेंड मौजूद रहते थे। सोनम का कहना है कि यह उनकी जिंदगी की पहली अफवाह थी, जिसने दावा किया था कि उन्हें फिल्म में ज्यादा स्क्रीन स्पेस या बेहतर गाने का लाभ डायरेक्टर से करीबी के चलते मिला था।
आखिरी पसंद थीं सोनम खान
गाने के मिलने की सच्चाई बताते हुए सोनम ने कहा कि राजीव राय असल में उन्हें इस फिल्म में लेना ही नहीं चाहते थे। उनके अनुसार, डायरेक्टर ने पहले ही किसी दूसरी अभिनेत्री के साथ डील पक्की कर ली थी क्योंकि उन्हें फिल्म 'विजय' में सोनम का काम कुछ खास पसंद नहीं आया था। सोनम ने बताया कि अंत में जब कोई विकल्प नहीं बचा, तब उन्हें साइन किया गया। उन्होंने साफ कहा कि उस समय उनके बीच कोई रोमांस या गुप्त बातचीत नहीं थी। अभिनेत्री के मुताबिक, राजीव राय के साथ उनकी डेटिंग फिल्म रिलीज होने के काफी समय बाद शुरू हुई थी, जब वे दोनों अपने पिछले रिश्तों से बाहर आकर सिंगल थे। सोनम ने जोर देकर कहा कि 'त्रिदेव' की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की विशेष प्राथमिकता नहीं दी गई थी।
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/sonam-khan-clarifies-she-did-not-have-affair-with-rajiv-rai-during-tridev-says-we-were-both-very-taken-people-2026-06-22-1226669