बरेली: मॉल की लिफ्ट में 35 मिनट तक फंसे रहे 13 लोग, दम घुटने से लड़की हुई बेहोश

बरेली के एक मॉल में लिफ्ट खराब होने से 13 लोग अंदर फंस गए, जिससे हड़कंप मच गया। दम घुटने और गर्मी के कारण एक युवती बेहोश हो गई, जिसके बाद लोगों ने खुद दरवाजा तोड़कर अपनी जान बचाई।

मॉल में हुआ हादसा

बरेली के चौकी चौराहा स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मॉल की लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण 13 लोग फंस गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। लिफ्ट पहली और दूसरी मंजिल के बीच अचानक रुक गई, जिससे अंदर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग करीब 35 मिनट तक उस बंद डिब्बे के अंदर जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे।

दम घुटने से बिगड़ी हालत

लिफ्ट के अंदर वेंटिलेशन न होने और गर्मी के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई। अंदर मौजूद लोगों का दम घुटने लगा। इसी दौरान बिहारीपुर की रहने वाली 17 साल की एक युवती अचानक बेहोश हो गई। फंसे हुए लोगों ने सुरक्षा प्रभारी को लगातार फोन करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन का जवाब नहीं दिया। मदद न मिलने पर घबराए लोगों ने हार मानकर खुद ही दरवाजा तोड़ने का निर्णय लिया और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का गेट खोलकर बाहर निकले।

प्रबंधन ने दी यह सफाई

इस घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी लोग लिफ्ट से सुरक्षित बाहर आ चुके थे। मॉल के ऑपरेशन मैनेजर विदिन कुमार ने पूरे मामले पर सफाई दी है। उनका कहना है कि बिजली जाने के बाद जनरेटर से लिफ्ट को एक मिनट के भीतर चालू हो जाना था, लेकिन अंदर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा गेट पर जोर से लात मारने के कारण लिफ्ट का सेंसर खराब हो गया और वह लॉक हो गई।

पुलिस कर रही है जांच

सीओ प्रथम आशुतोष ने पुष्टि की है कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। फिलहाल, किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन मॉल प्रबंधन की ओर से लापरवाही की बातों को नकारा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि घटना के वक्त लिफ्ट में कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/bareilly-13-people-trapped-in-mall-lift-girl-faints-in-heat-rescued-after-35-minutes-by-breaking-gate-2026-06-22-1226666