NEET परीक्षा में हाईटेक नकल का भंडाफोड़: अंडरगार्मेंट में मोबाइल छिपाकर केंद्र पहुंची छात्रा

जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर नीट-यूजी परीक्षा के दौरान एक छात्रा को मोबाइल के साथ पकड़ा गया है। छात्रा पर परीक्षा के बीच में प्रश्नपत्र की फोटो खींचने और मोबाइल से उत्तर खोजने का आरोप है।

जयपुर के परीक्षा केंद्र पर हंगामा

नीट-यूजी की परीक्षा में धांधली रोकने के कड़े दावों के बीच जयपुर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जयपुर के बिंदायका इलाके में स्थित एक परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा को मोबाइल फोन के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। इस घटना से केंद्र पर तैनात अधिकारियों और परीक्षार्थियों के बीच हड़कंप मच गया।

अंडरगार्मेंट में छिपाया था फोन

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि छात्रा ने बहुत ही चालाकी से मोबाइल फोन को अपने अंडरगार्मेंट में छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश किया था। सुरक्षा जांच के दौरान वह अधिकारियों को चकमा देने में कामयाब रही, लेकिन परीक्षा के दौरान उसकी संदिग्ध हरकतों ने अधिकारियों को शक में डाल दिया।

15 मिनट पहले ली प्रश्नपत्र की फोटो

आरोप है कि छात्रा परीक्षा खत्म होने से ठीक 15 मिनट पहले मोबाइल फोन निकाल लिया। उसने परीक्षा पत्र की फोटो ली और मोबाइल के जरिए सवालों के जवाब खोजने का प्रयास किया। जैसे ही वह संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाई गई, परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने फौरन उसे घेर लिया और गहन जांच की, जिसमें उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस की कार्रवाई शुरू

इस घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को हिरासत में ले लिया है। वर्तमान में पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और छात्रा से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस नकल कांड में कोई और भी शामिल है या उसने इसे अकेले ही अंजाम दिया था।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-neet-ug-exam-mobile-hidden-in-undergarment-student-detained-paper-photo-case-ws-l-10592420.html