हिमाचल प्रदेश में दिल दहलाने वाली घटना, बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर की मां की हत्या

मंडी जिले के सुंदरनगर में शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी मां की जान ले ली। शिमला सचिवालय में कार्यरत महिला की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

सुंदरनगर में मां-बेटे के बीच खूनी विवाद

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां सुंदरनगर के जयदेवी इलाके में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की निर्मम हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान 51 वर्षीय पार्वती के तौर पर हुई है, जो शिमला स्थित राज्य सचिवालय में नौकरी करती थी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

शराब के नशे में हुआ विवाद

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के समय आरोपी बेटा खेमाराम शराब के नशे में था। बीती रात आरोपी और उसके पिता 61 वर्षीय खूब राम के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि मां बीच-बचाव करने के लिए आगे आई।

डंडे के वार से गई जान

बीच-बचाव के दौरान बेटा अपनी मां के साथ भी उलझ गया और गुस्से में आकर पास रखे एक डंडे से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर डंडे के जोरदार वार लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल कॉलोनी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित खूब राम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी खेमाराम को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/mandi-drunk-son-beats-mother-to-death-with-stick-in-sundernagar-ws-l-10592046.html