कुरुक्षेत्र में बड़ा हादसा: 200 साल पुराने नागेश्वर महादेव मंदिर का गुंबद गिरा, पुजारी की मौत

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दुखद घटना में प्राचीन मंदिर का 108 फीट ऊंचा गुंबद ढह गया, जिससे मलबे में दबकर एक सेवादार की जान चली गई।

कुरुक्षेत्र में प्राचीन मंदिर ढहा

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन इलाके में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित 200 साल पुराने नागेश्वर महादेव मंदिर का 108 फीट ऊंचा मुख्य गुंबद अचानक गिर गया। इस भीषण हादसे में मंदिर के सेवादार नटराजन गिरी की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

सोते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक नटराजन गिरी मंदिर के परिसर में ही बगल में अपनी चारपाई पर सो रहे थे। रविवार सुबह करीब 4 बजे मंदिर का विशाल गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और अन्य सेवादार मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद नटराजन गिरी को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। नटराजन गिरी पिछले 5 साल से इस मंदिर की सेवा में समर्पित थे।

गर्भगृह को पहुंचा नुकसान

इस दुर्घटना में मंदिर के गर्भगृह को भी काफी क्षति पहुंची है। गुंबद का मलबा गर्भगृह के भीतर गिर गया, जिससे शिवलिंग और वहां स्थापित अन्य प्रतिमाएं मलबे के नीचे दब गई हैं। मलबे को हटाने के बाद ही नुकसान के सही स्तर का आकलन हो पाएगा। घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधि कैलाश सैनी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

करीब 20 साल पहले हुआ था जीर्णोद्धार

ग्रामीणों के अनुसार, यह नागेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह मंदिर लगभग 200 साल पुराना है और यहां का शिवलिंग स्वयंभू माना जाता है। मंदिर का जीर्णोद्धार करीब 20 साल पहले किया गया था। बताया जा रहा है कि मंदिर का मुख्य गुंबद चार इंच मोटी दीवार पर टिका हुआ था, जिसके चलते यह अचानक गिर गया।

https://hindi.news18.com/news/haryana/kurukshetra-accident-200-year-old-nageshwar-mahadev-temple-dome-collapse-priest-dies-local18-ws-l-10592122.html