'मुझे कोई डर नहीं था', फिर 9 साल तक क्यों खामोश रहीं शिल्पा शिंदे? झूठे आरोप पर किया बड़ा खुलासा

टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने हाल ही में स्वीकार किया कि उन्होंने 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माता पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का झूठा आरोप लगाया था। अब उन्होंने बताया कि वह 9 साल तक इस मामले पर चुप क्यों रहीं।

टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर अपने पुराने विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। 'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर हर घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस ने हाल ही में एक ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने माना कि शो के निर्माता पर लगाया गया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था। इस स्वीकारोक्ति के बाद से उन्हें लगातार ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

9 साल की चुप्पी की असली वजह

भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा ने इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह बहुत पहले ही सच सामने रखना चाहती थीं, लेकिन उस वक्त दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ था कि इस मामले को लेकर मीडिया में कोई बयान नहीं दिया जाएगा। यही वजह रही कि उन्हें 9 साल तक खामोश रहना पड़ा।

आईएएनएस से बातचीत में अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी यह चुप्पी किसी डर का नतीजा नहीं थी। उनका कहना है कि उन्हें कभी किसी बात से डर नहीं लगा और उन्होंने हमेशा अपनी शर्तों पर ही जिंदगी जी है।

निर्माता के खिलाफ केस क्यों किया

शिल्पा ने बताया कि उस समय हालात ऐसे बन गए थे कि उनके पास उस मुश्किल स्थिति से बाहर निकलने का कोई और रास्ता नहीं बचा था। इसी मजबूरी में उन्होंने निर्माता के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया।

उन्होंने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं था कि वह डरी हुई थीं, क्योंकि डर तो था ही नहीं। उनके मुताबिक उनके साथ ऐसी चीजें होती रहती हैं, क्योंकि उन्होंने कभी पैसों को बड़ा महत्व नहीं दिया।

'कॉन्ट्रैक्ट में बांधकर रखना चाहते थे'

अभिनेत्री का आरोप है कि उस दौर में उन पर कई तरह के आरोप मढ़े गए। उनका कहना है कि शो की जबरदस्त लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें एक कॉन्ट्रैक्ट में बांधे रखने की कोशिश की जा रही थी। शिल्पा ने यह भी कहा कि जब भी उन्हें कहीं कुछ गलत महसूस होता है, तो वह उसके विरोध में आवाज उठाने से पीछे नहीं हटतीं। सेट पर भी वह हमेशा अपनी बात बेबाकी से रखती थीं।

कई बड़े प्रोजेक्ट गंवाने पड़े

शिल्पा का मानना है कि जब किसी माहौल में उन्हें असहजता महसूस होती है, तो वह खुद को वहां से अलग कर लेती हैं। इसी सोच की वजह से उन्हें अपने करियर में कई बड़े प्रोजेक्ट छोड़ने पड़े।

पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने कहा, “यह बात बहुत कम लोग जानते हैं। मैं सच बोलने से नहीं डरती। मैंने निर्माता पर यौन उत्पीड़न का केस इसलिए किया था क्योंकि उस समय मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था। उसी के जरिए मैं उस स्थिति से बाहर निकल पाई और बाद में मामला सुलझ गया।”

https://hindi.news18.com/news/entertainment/tv-shilpa-shinde-reveals-truth-behind-false-harassment-allegations-after-9-years-ws-l-10537794.html