इंडियाज गॉट लेटेंट 2: सुकृत देव की रातों-रात बदली किस्मत, 8 हजार से सीधे 1 लाख 35 हजार पहुंचे फॉलोअर्स

मराठी थिएटर कलाकार सुकृत देव ने इंडियाज गॉट लेटेंट 2 के मंच पर अपनी शानदार अदाकारी से सबका दिल जीत लिया। शो के बाद सुकृत के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में जबरदस्त उछाल देखा गया और आलिया भट्ट ने भी उन्हें लीजेंड बताया है।

सोशल मीडिया पर छाए सुकृत देव

दर्शक लंबे समय से इंडियाज गॉट लेटेंट के दूसरे सीजन का इंतज़ार कर रहे थे, जिसका समापन 20 जून को हुआ। कॉमेडियन समय रैना ने जैसे ही शो का पहला एपिसोड यूट्यूब पर जारी किया, दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया। इस एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर पैनलिस्ट शामिल हुईं। इस बीच मराठी थिएटर कलाकार सुकृत देव ने अपनी अदाकारी से सभी को अपना मुरीद बना लिया है।

आलिया भट्ट ने बताया लीजेंड

सुकृत देव ने मंच पर एक शराबी व्यक्ति का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों और जजों ने खूब सराहा। सुकृत का प्रदर्शन इतना प्रभावशाली था कि परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद भी वह अपने किरदार में ही बने रहे। आलिया भट्ट ने न केवल उनके अभिनय की सराहना की, बल्कि अपने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी साझा करते हुए सुकृत को लीजेंड कहकर संबोधित किया और प्रशंसकों से उन्हें समर्थन देने की अपील की।

भावुक कर देने वाला प्रदर्शन

अपनी दमदार परफॉर्मेंस के बाद सुकृत ने एक कविता सुनाई, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी पैनलिस्ट खड़े होकर तालियां बजाने लगे। इस सम्मान को पाकर सुकृत मंच पर भावुक होकर रोने लगे, जिसके बाद बलराज घई ने आगे बढ़कर उन्हें गले लगाया। सुकृत को इस तरह भावुक होते देख आलिया भट्ट की आंखें भी नम हो गईं।

रातों-रात बदली जिंदगी

सुकृत ने शो के दौरान साझा किया कि वह पिछले 6 सालों से मराठी थिएटर और छोटे-मोटे टीवी किरदारों में सक्रिय हैं। हालांकि, इस शो ने उनकी पहचान पूरी तरह बदल दी। शो के प्रसारण के बाद उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 8 हजार से बढ़कर सीधे 1 लाख 35 हजार पहुंच गई। इस अपार सफलता के लिए सुकृत ने समय रैना और इंडियाज गॉट लेटेंट के पूरे मंच का आभार व्यक्त किया है।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/indias-got-latent-2-sukrut-deo-instagram-followers-jumps-8k-to-135k-alia-bhatt-calls-him-legend-2026-06-21-1226545