अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट: क्या प्लेइंग-11 से बाहर होंगे कुलदीप यादव? ये खिलाड़ी ठोक सकते हैं दावेदारी

अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट के लिए टीम इंडिया की तैयारी जोरों पर है। पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि बल्लेबाजी की गहराई बनाए रखने की पुरानी रणनीति के चलते कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिल पाएगी।

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा और इसकी तैयारियों में भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह जुट गए हैं। बुधवार को टीम इंडिया ने जमकर पसीना बहाया और इस दौरान हेड कोच गौतम गंभीर भी मैदान पर मौजूद रहे। इस मैच के लिए संभावित प्लेइंग-11 को लेकर खूब कयास लगाए जा रहे हैं, और पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने इस पर बड़ी बात कही है। उनका मानना है कि टीम की पुरानी रणनीति को देखते हुए कुलदीप यादव की जगह अंतिम एकादश में बनती नजर नहीं आ रही।

ट्रेनिंग में जुटी टीम इंडिया

कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को मैच की तैयारी के लिए पहले ट्रेनिंग सेशन की अगुवाई की। टीम के अधिकांश खिलाड़ी हाल ही में आईपीएल की अपनी जिम्मेदारियां निभाकर लौटे हैं। मुल्लांपुर स्थित पीसीए स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने नेट सेशन में हिस्सा लिया, जहां हेड कोच गौतम गंभीर ने हर खिलाड़ी की बारीकी से निगरानी की।

कुलदीप पर मंडरा रहा बाहर बैठने का खतरा

इरफान पठान का कहना है कि घरेलू मैदानों पर ऑलराउंडरों को तरजीह देने की अपनी पुरानी रणनीति के तहत टीम इंडिया इस मुकाबले में भी उतर सकती है। इसी वजह से कलाई के जादूगर कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 से बाहर बैठना पड़ सकता है। इस बार भारतीय स्क्वॉड में चार स्पिनरों—वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव और मानव सुथार को शामिल किया गया है।

नंबर 8 तक बल्लेबाजी की सोच

‘फॉलो द ब्लूज’ शो में बातचीत के दौरान इरफान पठान ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन अपनी बल्लेबाजी की गहराई के साथ समझौता नहीं करना चाहेगा। उन्होंने समझाते हुए कहा:

भारतीय टीम को नंबर 8 तक बल्लेबाजी पसंद है और वे इसी अंदाज में खेलते आए हैं। ऐसे में कुलदीप यादव की जगह नंबर 6, 7 और 8 पर क्रमशः ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है।

https://hindi.news18.com/cricket/kuldeep-yadav-might-be-dropped-from-playing-11-against-afghanistan-in-the-only-test-match-who-is-ready-to-take-his-place-explains-irfan-pathan-10537826.html