राजस्थान में ई-परिवहन का नया अध्याय
राजस्थान में शनिवार को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के लिए 29 और भीलवाड़ा के लिए 18 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इन आधुनिक बसों का शुभारंभ किया, जबकि भीलवाड़ा के लिए बसों की शुरुआत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों को पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
8 जिलों को मिलेगी कुल 1150 ई-बसें
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत राजस्थान के 8 प्रमुख शहरों को चुना गया है। इनमें जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर शामिल हैं। केंद्र सरकार की ओर से इन जिलों के लिए 675 बसों को स्वीकृति दी गई है, जबकि इसके अतिरिक्त 475 अन्य बसें भी मंजूर हुई हैं। इस प्रकार राज्य को कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। आगामी दीपावली तक पहले चरण के तहत 675 ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
ये नई इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का खास ध्यान रखकर बनाई गई हैं। इन बसों की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:
- दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए यात्रा बेहद सुगम होगी।
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
- राज्य सरकार शहरी परिवहन के लिए 555 बसें और पर्यटकों के लिए 50 डबल डेकर ई-बसें उपलब्ध कराएगी।
- यह पहल विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में मददगार साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने खुद किया बस का सफर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति पर इलेक्ट्रिक बस का विधिवत पूजन किया और चालक व परिचालक से फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने स्वयं टिकट खरीदकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हेंगर तक इन बसों में सफर भी किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पिछले 2.5 वर्षों में बिजली, पानी, उद्योग और परिवहन जैसे सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है।
https://www.indiatv.in/paisa/auto/electric-buses-hit-the-roads-in-rajasthan-chief-minister-flags-off-47-buses-2026-06-21-1226470