योग शिक्षक बनकर आर्थिक स्वतंत्रता
आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरी दुनिया भारत की इस प्राचीन विद्या का लोहा मान रही है। योग अब केवल स्वास्थ्य सुधारने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह एक बेहतरीन करियर विकल्प के रूप में उभरा है। यदि आपके पास योग का सही प्रशिक्षण और प्रमाणन है, तो आप प्रति माह 20,000 रुपये से लेकर 2,00,000 रुपये तक की कमाई आसानी से कर सकते हैं। आपकी आय पूरी तरह से आपके अनुभव और योग सिखाने के कौशल पर निर्भर करती है।
जिम और योग केंद्रों में अवसर
देश भर में स्थित फिटनेस सेंटरों और योग संस्थानों में पार्ट टाइम या फुल टाइम योग शिक्षक के तौर पर काम करने वाले लोग हर महीने 15,000 रुपये से 50,000 रुपये तक कमा रहे हैं। यह उन लोगों के लिए बेहतरीन शुरुआत है जो फिटनेस इंडस्ट्री में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
घर बैठे पर्सनल ट्रेनिंग से लाभ
अक्सर कई लोग निजी तौर पर अपने घरों में योग सीखना पसंद करते हैं। व्यक्तिगत क्लास लेने वाले योग शिक्षक एक क्लाइंट से हर महीने 5,000 रुपये से 15,000 रुपये तक का शुल्क ले सकते हैं। यदि आपके पास ऐसे केवल 5 क्लाइंट्स भी हैं, तो आप आसानी से 25,000 रुपये से लेकर 75,000 रुपये तक की मासिक आय अर्जित कर सकते हैं।
ऑनलाइन और कॉर्पोरेट योग क्लास की बढ़ती मांग
डिजिटल क्रांति के इस दौर में ऑनलाइन योग क्लासेस की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। 20 लोगों के बैच को ऑनलाइन योग सिखाकर आप कम समय में 20,000 रुपये प्रतिमाह कमा सकते हैं। इसके अलावा, बड़ी कंपनियां अब अपने कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही हैं। कॉर्पोरेट सेक्टर में कुछ घंटों के सत्र आयोजित करके योग शिक्षक 20,000 रुपये से 40,000 रुपये तक का मेहनताना प्राप्त कर रहे हैं।
योग शिक्षक बनने के लिए जरूरी योग्यता
योग के क्षेत्र में मोटी कमाई करने के लिए पेशेवर डिग्री या डिप्लोमा होना अत्यंत आवश्यक है। उचित प्रमाणन के बिना इस क्षेत्र में आगे बढ़ना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इच्छुक उम्मीदवार आयुष मंत्रालय, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान या कैवल्यधाम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से अपना प्रशिक्षण और प्रमाणन प्राप्त कर सकते हैं।
https://www.indiatv.in/paisa/business/yoga-day-2026-earn-a-handsome-monthly-income-just-by-teaching-yoga-check-the-calculations-2026-06-21-1226487