मानसून की रफ्तार पकड़ने की तैयारी, 15 दिन बाद इन राज्यों में देगा दस्तक

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मानसून ने जो ब्रेक लिया था, वह जल्द खत्म होने वाला है। उम्मीद जताई जा रही है कि जुलाई के पहले हफ्ते तक मानसून दिल्ली पहुंच सकता है।

मानसून के आगे बढ़ने की नई राह

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अपडेट के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मानसून जो 8 जून से दक्षिणी महाराष्ट्र में थमा हुआ था, अब 23 जून के आसपास आगे बढ़ने की पूरी संभावना है। इस दौरान मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी प्रवेश करेगा।

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 जून को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में मानसून के पहुंचने की संभावना जुलाई के पहले सप्ताह तक जताई गई है।

हीट वेव का प्रकोप

देश के कई हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर बरकरार है। विभाग के मुताबिक:

  • तटीय और मध्य महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट है।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 25 तारीख तक हीट वेव के हालात बने रह सकते हैं।
  • बिहार और तेलंगाना में 21 जून तक भीषण गर्मी का अनुमान है।

मध्य और पूर्वी भारत के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है।

कहां कितनी बारिश का हाल

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में जमकर बारिश हुई है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, उड़ीसा और झारखंड में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के पास सक्रिय है, जबकि लक्षद्वीप और उत्तरी केरला के आसपास साइक्लोन सर्कुलेशन देखे जा रहे हैं।

तापमान में बदलाव

मौसम विभाग का मानना है कि उत्तर पश्चिम भारत में 22 तारीख तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन उसके बाद पारा लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। तेलंगाना में 21 तारीख के बाद 2 से 5 डिग्री सेल्सियस और महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

कहां कैसा अलर्ट

बारिश को लेकर विभाग ने अलग-अलग राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है:

  • पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी वर्षा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
  • असम और मेघालय में भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।
  • उड़ीसा, बिहार, तमिलनाडु और केरल में भी बारिश के आसार हैं।
  • 24 तारीख को तेलंगाना और तटीय महाराष्ट्र में तेज बारिश होने की उम्मीद है।

https://www.indiatv.in/india/national/monsoon-pause-ends-will-move-ahead-from-south-maharashtra-after-15-days-will-reach-delhi-in-july-first-week-2026-06-21-1226475