RRR के बाद राम चरण की वापसी, 'पेड्डी' की ओपनिंग डबल डिजिट में होने के आसार, चलेगा स्टारडम का असर

राम चरण और जाह्नवी कपूर की एक्शन स्पोर्ट्स ड्रामा 'पेड्डी' 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और रिलीज से पहले ही फिल्म ने तेज एडवांस बुकिंग के साथ कमाई का सिलसिला शुरू कर दिया है।

राम चरण और जाह्नवी कपूर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हलचल मचाने के लिए तैयार हैं। दोनों की फिल्म 'पेड्डी' 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह एक एक्शन स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। बीते दिन हुए प्री-रिलीज इवेंट के बाद से फिल्म की चर्चा और तेज हो गई है। एडवांस बुकिंग लगातार जारी है और फिल्म रिलीज से पहले ही ताबड़तोड़ कमाई करती नजर आ रही है। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की ओपनिंग डबल डिजिट में होना तय माना जा रहा है। ट्रेड एनालिस्ट का मानना है कि पहले दिन की कमाई पर राम चरण के स्टारडम का असर साफ दिखेगा, हालांकि आगे का सफर फिल्म का इंपैक्ट ही तय करेगा।

कितनी कमाई कर सकती है फिल्म?

सैक्निल्क के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ब्लॉक सीट के साथ रिलीज से पहले ही 14 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। अब तक के ग्रॉस आंकड़े करीब 8.71 करोड़ बताए जा रहे हैं और कुल 361184 टिकट बिक चुकी हैं। अनुमान है कि फिल्म दुनियाभर में 35 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर लेगी। इस पैन इंडिया फिल्म को पांच भाषाओं—तमिल, तेलुगु, कन्नड़, हिंदी और मलयालम—में रिलीज किया जा रहा है। राम चरण के प्रभाव को देखते हुए फिल्म को सबसे ज्यादा दर्शक तेलुगु भाषा में मिलने की उम्मीद है और आंकड़ों में भी इसका असर साफ दिख रहा है।

फिल्म की कास्ट

फिल्म का निर्देशन बुची बाबू ने किया है। राम चरण के अलावा इसमें जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंद शर्मा अहम किरदारों में हैं। जाह्नवी कपूर की यह दूसरी तेलुगु भाषी फिल्म है। इससे पहले वह जूनियर एनटीआर के साथ 'देवरा पार्ट 1' में स्क्रीन साझा कर चुकी हैं और इसके दूसरे भाग में भी नजर आएंगी। राम चरण की बात करें तो वह एक ऐसे खिलाड़ी के रोल में हैं जो कई खेलों में माहिर है। इस किरदार के लिए उन्होंने शानदार बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन किया है और डिक्शन पर भी काफी मेहनत की है।

फिल्म का प्लॉट

'पेड्डी' की कहानी एक ग्रामीण परिवेश में बुनी गई है और इसका ताना-बाना 1980 के दशक में सेट है। राम चरण ऐसे लड़के के रोल में हैं जो क्रिकेट और कुश्ती दोनों में निपुण है। वह अपने खेल के जरिए लोगों को एकजुट करता है और अपने गांव का रक्षक बन जाता है। वह अपने विरोधियों के सामने कैसे डटकर खड़ा होता है, यही कहानी की मुख्य धुरी है। फिल्म आखिरकार कितनी कमाई करती है, यह कल के आंकड़े सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/peddi-box-office-collection-prediction-ram-charan-set-for-box-office-blast-after-rrr-double-digit-due-to-magic-of-stardom-2026-06-03-1222797