आमिर खान की 'लगान' 25 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी को तैयार, 8 नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म का खास ट्रेलर जारी

आमिर खान प्रोडक्शंस की मशहूर फिल्म 'लगान' अपने 25 साल पूरे होने पर 12, 13 और 14 जून को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसका खास ट्रेलर सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।

आज से ठीक 25 साल पहले आमिर खान की 'लगान' ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त हलचल मचा दी थी। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने ताबड़तोड़ कमाई की और अपने साल की सबसे ज्यादा चर्चित बॉलीवुड फिल्मों में शुमार हो गई। अब इसके 25 साल पूरे होने के मौके पर यह फिल्म एक बार फिर दर्शकों के सामने आ रही है और मेकर्स ने इसका खास ट्रेलर सोशल मीडिया पर जारी किया है। नए ट्रेलर को देखकर पुरानी यादें फिर से जीवंत हो उठेंगी। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म की मजबूत कहानी, बेहतरीन कलाकारों और दमदार संगीत ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बना दिया है।

तीन दिन सिनेमाघरों में रहेगी 'लगान'

फिल्म के 25 साल पूरे होने के जश्न के तहत 'लगान' 12, 13 और 14 जून को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। जून के दूसरे हफ्ते में दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देख सकेंगे और यह कुल तीन दिनों तक थिएटर में चलेगी। फिल्म के हर दृश्य ने दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी थी। आमिर खान ने अपने करियर में कई शानदार फिल्में दी हैं और 'लगान' उन्हीं में से एक खास नाम है। इसकी दोबारा रिलीज ने इस ऐतिहासिक कहानी को फिर से बड़े पर्दे पर देखने का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि 15 जून 2001 को 'लगान' के साथ ही सनी देओल की फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' भी रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही।

क्या है ट्रेलर में खास

'लगान' का यह नया ट्रेलर सही मायनों में समय में पीछे ले जाने वाली एक यात्रा जैसा है, जो दर्शकों को फिल्म की 25 साल पुरानी कहानी और उससे जुड़ी यादों से दोबारा जोड़ देता है। इसमें ग्रामीण भारत, आजादी से पहले का दौर, ब्रिटिश शासन, लगान और भारतीय लोगों की खूबसूरती को दिखाया गया है। साल 2001 में आई 'लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया' का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। इसमें आमिर खान और ग्रेसी सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा, राजेंद्र गुप्ता, रघुबीर यादव, राजेश विवेक, श्रीवल्लभ व्यास, राज जुत्शी, प्रदीप रावत, अखिलेन्द्र मिश्रा, दयाशंकर पांडेय, यशपाल शर्मा, अमीन हाजी, आदित्य लाखिया, जावेद खान और ए.के. हंगल समेत कई कलाकार शामिल हैं।

कहानी और कास्ट ही नहीं, गाने भी हैं लाजवाब

'लगान' में भारतीय कलाकारों के साथ-साथ ब्रिटिश सितारे रेचल शेली और पॉल ब्लैकथॉर्न भी नजर आए थे। इस फिल्म की सिर्फ कहानी और कास्ट ही नहीं, बल्कि इसका संगीत भी बेहद शानदार है। 8 नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी 'लगान' का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया था, जिसमें 'घनन घनन', 'मितवा', 'राधा कैसे ना जले' और 'ओ रे छोरी' जैसे आइकॉनिक गाने शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हो चुकी है। 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 'लगान' ने 'बेस्ट पॉपुलर फिल्म' समेत कुल आठ नेशनल अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/aamir-khan-lagaan-re-release-on-25th-anniversary-to-big-screen-won-8-national-awards-new-trailer-out-2026-06-03-1222829