घमौरियों से राहत के लिए अपनाएं ये असरदार घरेलू उपाय

गर्मी और उमस के मौसम में घमौरियां आम परेशानी बन जाती हैं। एलोवेरा, खीरा, मुल्तानी मिट्टी और बेकिंग सोडा जैसे कुछ आसान घरेलू नुस्खों की मदद से इनसे राहत पाई जा सकती है।

गर्मी का मौसम आते ही त्वचा से जुड़ी कई दिक्कतें सामने आने लगती हैं और इनमें घमौरियां सबसे आम परेशानी मानी जाती है। दरअसल घमौरियों की मुख्य वजह पसीने की ग्रंथियों का बंद हो जाना है। जब गर्मी या उमस भरे मौसम में शरीर से बहुत अधिक पसीना निकलता है और वह त्वचा की सतह तक पहुंचकर बाहर नहीं निकल पाता, तो वह त्वचा के नीचे ही इकट्ठा होने लगता है। इसी कारण त्वचा में सूजन आ जाती है और छोटे-छोटे लाल दाने उभर आते हैं, जिनमें खुजली और जलन महसूस होती है। इस समस्या से बचने के लिए अक्सर लोग महंगे क्रीम और पाउडर का सहारा लेते हैं, जबकि कुछ सरल घरेलू तरीकों से भी इनसे आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है।

घमौरियों से छुटकारा पाने के घरेलू नुस्खे

एलोवेरा और गुलाब जल

एलोवेरा जेल त्वचा के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है, क्योंकि यह त्वचा को ठंडक प्रदान करता है। वहीं गुलाब जल ताजगी का अहसास कराता है। आप इन दोनों को आपस में मिलाकर एक मिश्रण तैयार कर सकते हैं और इसे शरीर पर लगा सकते हैं।

खीरा

घमौरियों से राहत दिलाने में खीरा भी काफी कारगर माना जाता है। यह शरीर को ठंडक देता है और जलन से तुरंत आराम पहुंचाता है। इसके लिए सबसे पहले खीरे को छील लें और फिर पतले-पतले स्लाइस में काट लें। इन स्लाइस को फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें और उसके बाद घमौरियों वाली जगह पर लगाएं।

मुल्तानी मिट्टी

मुल्तानी मिट्टी का उपयोग भी घमौरियों की परेशानी को दूर करने में मददगार साबित होता है। इसके इस्तेमाल से बंद रोमछिद्र खुल जाते हैं और त्वचा को ताजगी का अनुभव होता है। इसके लिए मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर एक पेस्ट बना लें और इसे त्वचा पर लगाएं। इसे करीब 20 मिनट तक लगा रहने दें। थोड़ी ही देर में आपको फर्क महसूस होने लगेगा।

बेकिंग सोडा

बेकिंग सोडा एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है। यह गर्मी और पसीने के कारण शरीर पर होने वाले संक्रमण को रोकने में सहायक होता है। इसके लिए 2 चम्मच बेकिंग सोडा को एक कटोरी पानी में मिलाकर घोल तैयार करें और फिर इसे प्रभावित हिस्से पर लगाएं। जल्द ही इसका असर नजर आने लगेगा।

https://www.indiatv.in/lifestyle/fashion-and-beauty-tips/how-to-get-rid-of-heat-rash-these-home-remedies-may-help-2026-06-03-1222816